होटल के बाहर से ही बिना कार्यक्रम में शामिल हुए वापस निकल लिए
अंबिकापुर। नवरात्रि के मौके पर शहर के निजी होटलों में डांडिया और गरबा का प्रचलन बढ़ते जा रहा है। आयोजकों के द्वारा लाखों रुपये देकर सेलिब्रिटियों को ऐसे आयोजनों में धूम मचाने के लिए शहर में बुलाया जाता है। इसी क्रम में शनिवार को शहर के होटल पर्पल आर्किड में होने वाले डांडिया के कार्यक्रम में सेलिब्रिटी बतौर पहुंचे एल्विश यादव शामिल नहीं हो पाए। इनका अंबिकापुर आगमन हो गया था, लेकिन हिंदू संगठनों के द्वारा ऐन मौके पर जताए गए विरोध के कारण वे वापस चले गए। शुक्रवार से ही इस नवरात्रि के पहले गरबा के आयोजन में शामिल होने के लिए आ रहे सेलिब्रिटियों के प्रति विरोध का स्वर मुखर होने लगा था। जिला अधिकारियों को ज्ञापन सौंपने के बाद से आयोजन को लेकर पशोपेश की स्थिति बनी थी।
कार्यक्रम के आयोजक और होटल संचालक पूरे विश्वास के साथ आयोजन की तैयारियां पूरी कर चुके थे। इनकी सोच सेलिब्रिटी को स्वागत के साथ कार्यक्रम में शामिल करने की थी। इनके आगमन के पहले से ही रिंग रोड अंबिकापुर में स्थित होटल पर्पल आर्किड के पास अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, नगर पुलिस अधीक्षक के साथ, कोतवाली टीआई और सहयोगी पुलिस अमला मौजूद था। इनके द्वारा किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसका ध्यान रखा जा रहा था। शहर में बले हालात से बेखबर सेलिब्रिटी एल्बिश यादव कार्यक्रम स्थल तक पहुंच पाते, इसके पहले उम्मीद के विपरीत उन्हें वाहन से नीचे उतरने का मौका ही नहीं मिल पाया, और आयोजकों के द्वारा की गई तैयारियां धरी रह गईं। विरोध के स्वर के बीच तमाम तरह की प्रतिक्रियाएं भी लोगों से सुनने को मिली। किसी ने इसे किसी व्यक्ति विशेष का नहीं शांतिप्रिय अंबिकापुर शहर का अपमान तो किसी ने घर आए मेहमान का अपमान करार दिया।
बता दें कि होटल पर्पल आर्किड में गत वर्ष की भांति इस वर्ष भी डांडिया कार्यक्रम का आयोजन 27 सितम्बर को किया गया था। कार्यक्रम में भारतीय यू-ट्यूबर, स्ट्रीमर और गायक एल्विश यादव को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करने की जानकारी पूर्व में पत्रकारों से चर्चा के दौरान 19 सितम्बर को ही दी गई थी। बताया गया था कि गरबा के आयोजन में शामिल होने के लिए एल्विश अपनी टीम के साथ आएंंगे। इनके अलावा छत्तीसगढ़ के अन्य सेलिब्रिटियों के भी कार्यक्रम में आने की जानकारी दी गई थी। कार्यक्रम में गैर हिन्दुओं का प्रवेश वर्जित किया गया था, वहीं नशीले पदार्थ का सेवन करके आने वालों को कार्यक्रम स्थल में प्रवेश नहीं देने व मांसाहार पूरी तरह से प्रतिबंधित रखने से अवगत कराया गया था। कार्यक्रम की तिथि नजदीक आने के साथ, या कहें एक दिन पहले अचानक हिंदू संगठनों की ओर से ज्ञापन सौंपकर एल्विश यादव और एक अन्य आयोजन में शामिल होने के लिए आ रही सेलिब्रिटी अंजलि अरोड़ा का विरोध शुरू हो गया।
होटल पर्पल आर्चिड में होने वाले डांडिया के पारिवारिक आयोजन के बीच आने वाले एल्विश के आगमन को लेकर विरोध का स्वर मुखर होने से आयोजकों के बीच पशोपेश की स्थिति बन गई। इसके पीछे कारण लाखों रुपये देकर इन्हें कार्यक्रम में बुलाना और तैयारियों में लाखों रुपये व्यय करना था। मुख्य अतिथि बतौर पहुंचे सेलिब्रिटी ऐल्विश को जो कुछ अंबिकापुर आने के बाद झेलना पड़ा, उसका प्रभाव अन्य आयोजनों पर भी पड़ेगा, इसकी चर्चा होने लगी है। इस आयोजन में शामिल होने के लिए काफी लोगों ने अपनी जगह पूर्व से ही सुनिश्चित कर ली थी, और व्यापक तैयारियों के साथ 2000 लोगों के सिटिंग एरेजमेंट की व्यवस्था की गई थी।
होटल संचालक ने कहा
होटल पर्पल आर्चिड के संचालक मुकेश अग्रवाल ने गरबा कार्यक्रम आयोजन के पूर्व बनी स्थिति के परिप्रेक्ष्य में कहा कि गरबा के आयोजन में शामिल होने के लिए पहुंचे सेलिब्रिटी एल्विश यादव अंबिकापुर आने के बाद मां महामाया का दर्शन किए, इसके बाद कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आ रहे थे। इस दौरान बनी स्थिति के बीच उनका कार्यक्रम निरस्त हो गया। अंबिकापुर आने के बाद वे लगभग दो घंटे शहर में रूके थे। होटल में डांडिया का कार्यक्रम चल रहा है।

Spread the love