चैतन्य देवियों की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र, उमड़ रही भक्तों की भीड़

अंबिकापुर। नवरात्रि का पर्व हमारे अंदर के आसुरी प्रवृत्तियों और संस्कारों को नाश करने की प्रेरणा देता है। जब हम अपने अवगुणों का त्याग कर सदगुणों को अपनाएंगे तो देवी मां हम पर प्रसन्न होगी और अपना आशीर्वाद देंगी। उक्त विचार छत्तीसगढ़ शासन के पर्यटन, संस्कृति और धर्मस्व विभाग के मंत्री राजेश अग्रवाल ने ब्रह्माकुमारीज द्वारा नव विश्व भवन में आयोजित चैतन्य देवियों की झांकी के उद्घाटन अवसर पर व्यक्त किए। उन्होंने चैतन्य देवियों की मनोरम छटा की तारीफ करते हुए सभी नगरवासियों को मां के चैतन्य स्वरूपों के दर्शनों का लाभ प्राप्त करने हेतु प्रेरित किया।
जिला पंचायत सरगुजा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी विनय अग्रवाल ने सपरिवार मां के चैतन्य स्वरूपों का दर्शन किया एवं नवरात्रि की बधाई देते हुए कहा कि चैतन्य देवियों के दर्शनों से मन प्रफुल्लित और आनंदित हो गया। राजयोग का अभ्यास करने वाली ब्रह्माकुमारी बहनें जो देवियों के स्वरूप में झांकी में बैठी हंै उनकी स्थिरता और अलौकिकता बहुत ही अद्भुत है। इससे प्रतीत होता है कि राजयोग मेडिटेशन के अभ्यास से हमारे जीवन में मानसिक शांति, सुख और स्थिरता आती है। भाजपा के वरिष्ठ नेता अनिल सिंह मेजर ने शारदीय नवरात्रि की सभी को शुभकामनाएं देते हुए सभी के स्वस्थ एवं सुखी होने की कामना की एवं ब्रह्माकुमारीज द्वारा विगत 25 वर्षों से चैतन्य देवियों की झांकी के आयोजन की सराहना की। संस्थान की संचालिका ब्रह्माकुमारी विद्या ने बताया कि जिन नारियों ने परमात्मा प्रदत्त ज्ञान के द्वारा अपने अवगुणों एवं विकारों पर विजय प्राप्त कर पवित्रता और दिव्य गुणों की धारणा किया है, उन्हीं के यादगार में हम नवरात्रि पर देवियों के 9 स्वरूपों की पूजा करते हैं। उन्होंने बताया कि यह झांकी 2 अक्टूबर तक प्रतिदिन संध्या 6 बजे से रात्रि 10 बजे तक भक्तों के दर्शनों के लिए रहेगी।

Spread the love