अंबिकापुर। वाट्सएप में भेजे जा रहे एपीके फाइल से बचने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा ने आम नागरिकों को आगाह कराया है, नहीं साइबर ठगी का शिकार हो सकते हैं। साइबर अपराधियों के द्वारा एपीके फाइल के जरिए मोबाइल हैक करके एक्सेस प्राप्त किया जाता है और साइबर ठगी की घटनाओं को अंजाम दिया जाता है। उन्होंने अनजान फाइलों को डाउनलोड करने से बचने और किसी संदिग्ध गतिविधि की आशंका पर तत्काल नजदीकी थाना व चौकी में शिकायत दर्ज कराने कहा है। ठगी के ऐसे मामलों में तत्काल शिकायत दर्ज कराने हेतु हेल्पलाइन नंबर 1930 पर भी संपर्क कर सकते हंै।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल ने कहा है कि ऑनलाइन ठगी, साइबर फ्रॉड जैसी घटनाओं के बारे में अलर्ट करने के बावजूद लोग ठगी के शिकार हो रहे हैं। साइबर ठगों के द्वारा अब वाट्सएप के जरिए अनजान एपीके फाइल भेजकर निजी सुरक्षा में सेंध लगाई जा रही है। एपीके फाइल डाउनलोड करने वाले उपयोगकर्ता का मोबाइल हैक करके एक्सेस प्राप्त कर, साइबर ठगी की घटनाओ को अंजाम दिया जा रहा है। साइबर ठगी के नए तरीकों से बचने के लिए विभिन्न सुरक्षात्मक उपाय अपनाने का आग्रह करते हुए उन्होंने आवश्यक जानकारी साझा किया है।
तमाम लिंक के जरिए कर रहे साइबर फ्रॉड
हालिया दिनों में साइबर ठगों द्वारा व्हाट्सएप पर बैंक या आधार अपडेट, किसान योजना, आवास योजना, आरटीओ चालान, निमंत्रण पत्र, एलपीजी सब्सिडी, ई-सिम अपग्रेडेशन, एक्टिवेशन अथवा किसी अन्य शासकीय योजना का लाभ दिलाने के नाम पर एपीके फाइल का लिंक बनाकर व्हाट्सएप पर भेजा जा रहा है। एपीके फाइल को डाउनलोड करने के लिंक पर क्लिक करते ही मोबाइल फोन हैक हो जाता है, जिससे ठग फोन का एक्सेस प्राप्त कर लेते हैं। फाइल इंस्टॉल होने के पश्चात यूजर के सारे परमिशन अलाऊ हो जाते हैं, साइबर ठगों द्वारा ऐसे एपीके फाइल वाट्सएप पर अज्ञात नंबर से भिन्न ग्रुपों में भेजा जा रहा हैं, ठगों द्वारा भेजी गई एपीके फाइल से संबंधित की निजी जानकारियों में बैंक डिटेल्स, ओटीपी आदि आसानी से प्राप्त कर खाते से वित्तीय लेनदेन कर ठगी का शिकार बनाया जाता है। व्हाट्सएप हैक करके संबंधित से जुड़े सभी ग्रुप्स में यह फाइल भेजी जाती है, जिससे ज्यादा से ज्यादा लोगों के फोन एवं बैंक खाते हैकर के निशाने पर आ जाते हंै।
अगर ऐसा लिंक मिले तो बरतें सावधानी
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि यदि व्हाट्सएप या किसी अनजान ग्रुप में बैंक या आधार अपडेट, आरटीओ चालान, निमंत्रण पत्र के नाम पर कोई एपीके फाइल आती है, तो उसे भूलकर भी डाउनलोड न करें। ऐसा करने पर साइबर ठग आपकी सारी निजी जानकारी चुरा सकते हैं, प्राप्त कर सकते हैं और वित्तीय नुकसान पंहुचा सकते हैं। ऐसी कई घटनाएं अभी सामने आई हैं, जिसमें खाताधारकों के खाता से बिना अनुमति पैसा निकासी की घटना हुई है।
सावधान रहें, बरतें ऐसी सावधानियां
पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि अपने व्हाट्सएप की सेटिंग में जाकर ऑटोमेटिक डाउनलोड का ऑप्शन बंद कर दें। किसी अनजान लिंक को खोलने से बचें। अपने व्हाट्सएप को हमेशा टू-स्टेप वेरिफिकेशन पर रखें। केवल आधिकारिक गूगल प्ले स्टोर अथवा एप्पल ऐप स्टोर से ही ऐप डाउनलोड करें, अन्य श्रोतों से प्राप्त किसी भी प्रकार का ऐप डाउनलोड ना करें। यदि गलती से डाउनलोड हो जाए, तो तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करें।

Spread the love