अंबिकापुर। दुष्कर्म की शिकार हुई 13 वर्षीय नाबालिक को पेट में दर्द बढ़ने पर स्वजन अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां ऑपरेशन के बाद वह शिशु को जन्म दी। क्षेत्रीय अस्पताल से जच्चा-बच्चा की सुरक्षा के लिए इन्हें रेफर कर दिया गया था। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में करीब 4 घंटे पहले जन्म लिए बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम किया है, वहीं पिता की पुष्टि के लिए बच्चे का डीएनए टेस्ट कराया जाएगा। वहीं दुष्कर्म के आरोपी को पूर्व में ही पुलिस नेे जेल भेज दिया है।
जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिला के रामानुजगंज थाना क्षेत्र की 13 वर्षीय बालिका बीते 4 फरवरी 2025 को अपने घर से नदी में नहाने जा रही थी, इस दौरान आरोपी रामविचार भुइयां 19 वर्ष निवासी ग्राम चुतरु, थाना रंका झारखंड बहला-फुसलाकर उसके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया था। आरोपी के द्वारा किसी को घटना से अवगत कराने पर जान से मार देने की धमकी दी गई थी। घटना के बाद आरोपी काम करने के लिए दूसरे राज्य चले गया था। आरोपी के कृत्य से पीड़िता गर्भवती हो गई, इसकी जानकारी उसके स्वजन को नहीं थी। आरोपी काम करके गांव वापस लौटने के बाद पुन: 24 अगस्त 2025 को पीड़िता से मिलने के लिए उसके गांव में आया था, जिसे आपत्तिजनक स्थिति में स्वजन देखे और पकड़ने का प्रयास किए, लेकिन वह अपना मोटरसायकल छोड़कर फरार हो गया था। स्वजन जब अपनी लड़की से पूछताछ किए तो वह घटना की जानकारी दी। पूछताछ में वह अपने माता-पिता को बताई कि आरोपी रामविचार के द्वारा किसी को भी गलत काम करने की जानकारी देने पर जान से मारने की धमकी दिया था। रिपोर्ट पर थाना रामानुजगंज में धारा 64(2)(ड), 65(1), 351(3) बीएनएस, 4(2), 6 पॉक्सो एक्ट का अपराध कायम करके आरोपी रामविचार भुइयां को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
रामानुजगंज पुलिस कराएगी डीएनए टेस्ट
दुष्कर्म पीड़िता के माता-पिता ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी कक्षा 5वीं की छात्रा है। पेट में दर्द होने पर वे उसे रामानुजगंज अस्पताल ले गए थे। यहां से रेफर करने पर बलरामपुर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, यहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन करके प्रसव कराया, इसके बाद बालक का जन्म हुआ। बच्चे को जन्म देने के बाद चिकित्सकों ने दोनों की कमजोरी को देखते हुए रेफर कर दिया था। इस घटना के बाद लड़की के स्वजन उसके भविष्य को लेकर चिंतित हैं। रामानुजगंज थाना की पुलिस मृत बच्चे का डीएनए टेस्ट कराएगी, इसके लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर के पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी ने सेम्पल प्रिजर्व करा दिया है।

Spread the love