17वां स्थापना दिवस समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न
अंबिकापुर। सैनिक स्कूल अंबिकापुर का 17वां स्थापना दिवस समारोह सोमवार को बड़े ही गरिमामय और भावनात्मक वातावरण में संपन्न हुआ। यह अवसर न केवल संस्थान की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक गरिमा, सैन्य अनुशासन और शैक्षणिक उत्कृष्टता का जीवंत प्रतीक भी बना।
समारोह में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ शासन के जनजातीय कल्याण एवं कृषि मंत्री राम विचार नेताम रहे, जिनका इस विद्यालय से गहरा भावनात्मक जुड़ाव है। उनके साथ पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष पुष्पा नेताम भी उपस्थित रहीं। अन्य विशिष्ट अतिथियों में पर्यटन, संस्कृति, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल, सांसद सरगुजा चिंतामणि महाराज, लुंड्रा विधायक प्रबोध मिंज, सीतापुर विधायक राम कुमार टोप्पो, अंबिकापुर की महापौर मंजूषा भगत, कलेक्टर विलास भोसकर सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए। समारोह का शुभारंभ कैडेट्स द्वारा प्रस्तुत गॉर्ड ऑफ ऑनर से हुआ, जिसमें मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों को सैनिक अनुशासन के अनुरूप सलामी दी गई। इसके पश्चात देवी सरस्वती के आशीर्वाद स्वरुप दीप प्रज्वलन की रस्म हुई, केक काटा गया। प्राचार्या कर्नल रीमा सोबती ने स्कूल के उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास एवं प्रशासनिक अधिकारी स्क्वाड्रन लीडर जेम्स नायर की उपस्थिति में अपने स्वागत भाषण में विद्यालय की वर्ष भर की उपलब्धियों को साझा किया। उन्होंने शैक्षणिक, सहशैक्षणिक, खेलकूद और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में कैडेट्स की भागीदारी और सफलता को रेखांकित किया। उन्होंने बताया कि सैनिक स्कूल अम्बिकापुर के पूर्व कैडेट खिलानंद साहू एनडीए-रैंक 1 और अनिमेष कुजूर एशिया के नम्बर 1 एथलीट सैनिक स्कूल और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन कर रहे हैं। सैनिक स्कूल अंबिकापुर के 17वें स्थापना दिवस और छत्तीसगढ़ राज्य की रजत जयंती का संयुक्त उत्सव एक अद्वितीय सांस्कृतिक और भावनात्मक संगम बन गया। जहां राज्य की गौरवशाली यात्रा और सैनिक स्कूल की अनुशासित शैक्षणिक परंपरा एक साथ मंच पर आलोकित हुईं। यह अवसर न केवल अतीत की उपलब्धियों को स्मरण करने का था, बल्कि भावी पीढ़ियों को प्रेरणा देने वाला एक सशक्त संदेश भी था, कि शिक्षा, संस्कृति और सेवा भाव जब एकत्रित होते हैं, तो राष्ट्र निर्माण की नींव और भी मजबूत होती है। सैनिक स्कूल के कैडेटों ने शानदार रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया।
मुख्य अतिथि कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने अपने संबोधन में विद्यालय से जुड़े अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि यह संस्थान न केवल अनुशासन और शिक्षा का केंद्र है, बल्कि यह राष्ट्र निर्माण की नींव भी है। उन्होंने कैडेट्स को देशभक्ति, समर्पण और नेतृत्व के मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी। उन्होंने मुख्यमंत्री की ओर से सैनिक स्कूल के लिए तीन योजनाओं विद्यालय परिसर में सौर ऊर्जा संयंत्र की स्थापना, आधुनिक इनडोर एरेना का निर्माण तथा हॉकी में कैडेट्स की प्रतिभा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निखारने हेतु एस्ट्रोटर्फ मैदान के निर्माण का वचन दिया। विशिष्ट अतिथियों ने भी अपने संबोधन में विद्यालय की भूमिका को सराहा और इसके कैडेटों के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इन्हें किया गया सम्मानित
इस अवसर पर विभिन्न सदनों को उनकी वार्षिक उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। मानेकशा सदन को खेलों में सर्वश्रेष्ठ सदन का पुरस्कार प्राप्त हुआ, जबकि अरिहंत सदन को सर्वश्रेष्ठ कनिष्ठ सदन के रूप में सम्मानित किया गया। अर्जन सिंह सदन को शैक्षणिक एवं सह शैक्षणिक गतिविधियों में सर्वश्रेष्ठ सदन घोषित किया गया। अर्जन सिंह सदन ने प्रतिष्ठित ट्रॉफी अपने नाम की, जो राष्ट्रीय रक्षा अकादमी में चयन हेतु सर्वाधिक कैडेट्स भेजने वाले सदन को दी जाती है। मुख्य अतिथि कृषि मंत्री नेताम के हाथों अर्जन सिंह सदन के हाउस मास्टर शशिकांत ने सर्वश्रेष्ठ सदन की ट्रॉफी प्राप्त की। समारोह में विद्यालय के दो शिक्षकों सामाजिक विज्ञान के अध्यापक एवं एनसीसी ए.एन.ओ. शिवेश राय एवं सैनिक स्कूल के संस्थापक सदस्यों में एक हिंदी के अध्यापक रवीन्द्र तिवारी को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक योगदान के लिए सम्मानित किया गया। महेश सिन्हा (एलडीसी) एवं उदेश कुमार, सामान्य कर्मचारी को भी उनके समर्पित कार्यों के लिए प्रशस्ति पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किया गया। स्कूल के उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल डॉ. पी. श्रीनिवास ने धन्यवाद ज्ञापन किया।

Spread the love