मामला दलधोवा घाट से गिरी ट्रेक्टर के तहखाने में भरे 125 किग्रा गांजा का, चालक हायर सेंटर रेफर
अंबिकापुर। बलरामपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत दलधोवा घाट से गिरी ट्रेक्टर में उड़ीसा से गांजा लेकर चालक सासाराम बिहार जाने निकला था। गांजा का तस्कर आगे-आगे कार से पॉयलेटिंग करते हुए जा रहा था। इस दौरान हुई दुर्घटना में ट्रेक्टर घाट में नीचे गिर गई और गांजा का पैकेट बिखर गया, जिससे बड़े पैमाने पर की जा रही गांजा तस्करी की पोल खुल गई। ट्रेक्टर के दुर्घटनाग्रस्त होने के बाद कार सवार तस्कर फरार हो गया, वहीं ट्रेक्टर चालक गंभीर स्थिति में मौके पर पड़ा था। चालक को बलरामपुर जिला अस्पताल से हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है। बलरामपुर थाने की पुलिस मामले में अग्रिम जांच, विवेचना कर रही है। बरामद 89 गांजा के पैकेट का कुल वजन 125.51 किलोग्राम, कीमत 6 लाख 25 हजार रुपये है।
जानकारी के मुताबिक दो दिन पूर्व 27 अगस्त को बलरामपुर-रामानुजगंज जिला में नेशनल हाईवे 343 मुख्य मार्ग पर ग्राम दलधोवा घाट, सुहानी ढाबा के पास एक ट्रेक्टर घाट के नीचे नाले में गिर गई थी। दुर्घटना के प्रत्यक्षदर्शी जब राहत और बचाव के लिए कदम बढ़ाए, तो ट्रेक्टर से गिरे मादक पदार्थ गांजा के बिखरे पैकेट को देखकर दंग रह गए। ट्रेक्टर चालक घायल अवस्था में सड़क के किनारे पड़ा था, जो दर्द से कराह रहा था। मामला सिंसेटिव था, इसलिए इसकी सूचना बलरामपुर थाने में पुलिस के सूचनातंत्र ने दी, जिस पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को घटनास्थल में एक व्यक्ति सड़क किनारे घायल अवस्था में दर्द से कराहते मिला, जो अपना नाम अनुज कुमार पिता पारस पासवान 25 वर्ष, निवासी ग्राम आदमापुर, थाना सासाराम, जिला रोहतास बिहार बताया। पुष्ट सूत्रों के अनुसार ट्रेक्टर में उड़ीसा से गांजा भरकर चालक सासाराम जाने के लिए निकला था। घाट के नीचे नाला में गिरने से उसे कमर, चेहरे व पैर में गंभीर चोट आई थी। सोल्ड ट्रैक्टर में भरा गांजा सासाराम जिला रोहतास बिहार के ही एक तस्कर का था, जो उड़ीसा से गांजा लोड करवाने के बाद कार से आगे-आगे जा रहा था। पुलिस को मौके पर भूरे रंग के कई पैकेट बिखरे हुए मिले थे, बिना नंबर की ट्रेक्टर में इंजन के ऊपर ट्राली पलट गया था। ट्रैक्टर ट्राली में नीचे अलग से टीन का प्लेट वेल्डिंग करके बॉक्सनुमा गुप्त चेंबर बनाया गया था, जो दुर्घटना के बाद आधा खुल गया था, इसमें भूरे रंग के टेप से पैक किया हुआ कई पैकेट सुरक्षित मिला था। आसपास ऐसे ही कई पैकेट पानी में तैरते, तो कुछ पैकेट पानी के किनारे पड़े थे। पुलिस ने घटनास्थल से 89 नग पैकेट बरामद करके मौके का पंचनामा तैयार किया। सभी पैकेट में मादक पदार्थ गांजा भरा था। मामले में पुलिस एनडीपीएस एक्ट का अपराध दर्ज करके अग्रिम विवेचना कार्रवाई कर रही है। पुलिस को संबंधित तस्कर तक पहुंचना जरूरी है, जो बड़ी चालाकी से सवा क्विंटल से अधिक गांजा ट्रेक्टर में तहखाना बनाकर ले जा रहा था। हालांकि बलरामपुर थाना पुलिस फिलहाल ऐसे किसी तस्कर की अपनी ओर से पुष्टि नहीं कर रही है, जिसके पॉयलेटिंग में ट्रैक्टर को लेकर चालक बिहार जा रहा हो।
बयान
ट्रेक्टर में चेम्बर बनाकर 125 किलो गांजा की तस्करी की जा रही थी। ट्रेक्टर और गांजा को हमने जप्त कर लिया है। संदेही ट्रेक्टर चालक के कमर की हड्डी टूट गई है, जिस कारण उसे बलरामपुर से हायर सेंटर रिफर किया गया है। ट्रेक्टर बिहार का होने की संभावना है, जिसमें नम्बर नहीं है। मामले में और कौन-कौन शामिल हैं, इसकी जांच चल रही है।
भापेन्द्र साहू, थाना प्रभारी बलरामपुर

Spread the love