अंबिकापुर। सरगुजा जिले के मैनपाट वन परिक्षेत्र में हाथियों का आतंक लगातार बना हुआ है। पिछले एक महीने से 13 हाथियों का दल अलग-अलग इलाकों में घूमते हुए ग्रामीणों की नींद हराम कर दिया है। हाथियों ने अब तक दर्जनों मकानों को नुकसान पहुंचाया है और कई एकड़ में लगी फसलों को भी रौंद डाला है। मैनपाट वन परिक्षेत्र के कंडराजा, बारवाली और पेंट के जंगलों में 13 सदस्यीय हाथियों का दल लगातार विचरण कर रहा है। इन हाथियों के उत्पात से अब तक एक दर्जन से अधिक मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुके हैं और कई एकड़ में लगी धान की फसल बर्बाद हो गई है।
हाथियों के द्वारा लगातार पहुंचाए जा रहे नुकसान को लेकर सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो का कहना है कि मैनपाट हाथियों का प्राकृतिक कॉरिडोर है, इसलिए यहां उनकी आवाजाही बनी रहती है। उन्होंने कहा कि कच्चे मकानों को हाथियों से सबसे अधिक नुकसान होता है, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनने वाले पक्के मकान सुरक्षित हैं। इस योजना को ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। विधायक ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों के करीब न जाएं और सावधानी बरतें, क्योंकि झुंड से बिछड़ा हाथी सबसे ज्यादा खतरनाक साबित होता है।

Spread the love