बलरामपुर। जिले के शंकरगढ़ थाना पुलिस ने आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में गड़बड़ी के प्रकरण में 4 और आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया है। मामले में पुलिस पूर्व में भी 4 महिलाओं को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश कर चुकी है। कुल 8 आरोपयों को जेल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों में समसुद्दीन अंसारी पिता स्व. जकीरा अंसारी 50 वर्ष, आबिद अंसारी पिता समसुद्दीन अंसारी 22 वर्ष निवासी भगवतपुर, दोनों क्रमश: संचालक व प्राचार्य अजीजी पब्लिक स्कूल भरतपुर, उमाशंकर पैकरा पिता सिकुल पैकरा 30 वर्ष निवासी बेलकोना, आंगनबाड़ी सहायिका सुशीला पैकरा का पति, शिवनारायण रवि पिता स्व. भिखवा 30 वर्ष निवासी महुआडीह शामिल हैं।
बता दें कि कुछ दिन पूर्व ही महिला एवं बाल विकास परियोजना कुसमी की प्रभारी परियोजना अधिकारी ने वर्ष 2024-25 में शंकरगढ़ अनुभाग अंतर्गत आंगनबाड़ी सहायिका भर्ती में गड़बड़ी की शिकायत दर्ज कराई थी। कलेक्टर बलरामपुर के निर्देश पर गठित जांच समिति ने जारगीम, महुआडीह, कोठली और बेलकोना सहित कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर चयनित सहायिकाओं की शैक्षणिक अंकसूचियों की जांच की। जांच में सामने आया कि चयनित सहायिकाओं ने 8वीं कक्षा की फर्जी अंक सूची बनवाकर नियुक्ति हासिल किया है। इस खुलासे के बाद थाना शंकरगढ़ में धारा 318(2), 318(4), 338, 336(3), 340(2), 61(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया। प्रारंभिक जांच में चार सहायिकाओं अरमाना पति शमशेर आलम निवासी जारगीम, रिजवाना पति अमरुद्दीन निवासी महुआडीह, प्रियंका यादव पति आशीष यादव निवासी कोठली, सुशीला सिंह पति उमाशंकर सिंह निवासी बेलकोना को गिरफ्तार करके न्यायालय में प्रस्तुत किया गया था। पुलिस ने आगे की विवेचना में पाया कि अजीजी पब्लिक स्कूल के संचालक और प्रिंसिपल ने फर्जी अंकसूची तैयार कर भर्ती प्रक्रिया में सहयोग किया था। इसके बाद 4 और आरोपियों को गिरफ्तार करके रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

Spread the love