अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम के द्वारा सोमवार की रात को सीतापुर निवासी नशीले इंजेक्शन के सप्लायर को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के पास से अलग-अलग नाम का 120 नग इंजेक्शन बरामद करने में टीम को सफलता मिली है, इसकी कीमत एक लाख 20 हजार रुपये है। आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने अगस्त माह में आठवीं बड़ी कार्रवाई की है।
जानकारी के मुताबिक 25 अगस्त की रात गश्त में निकले सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि थाना सीतापुर अंतर्गत सोनतरई निवासी बिनोद सैनी भारी मात्रा में नशीला इंजेक्शन लेकर पंचायत भवन सोनतराई के पास ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना पर तत्काल उड़नदस्ता टीम पंचायत भवन सोनतराई के आसपास घेराबंदी करते पहुंची, तो एक संदिग्ध बाइक सवार खड़ा मिला। सरकारी वाहन को देखकर वह हड़बड़ाने लगा, पूछने पर वह अपना नाम विनोद कुमार बताया। पीठ पर टांगकर रखे गए पिट्टू बैग के बारे में पूछताछ करने पर वह गोलमोल जवाब देने लगा। टीम ने गवाहों के मौजूदगी में जब बैग की तलाशी ली तो एक पॉलिथीन में 60 नग रेक्सोजेसिक इंजेक्शन व 60 नग एविल इंजेक्शन मिला। आरोपी को एनडीपीएस एक्ट की धारा 22 सी के तहत गिरफ्तार कर 26 अगस्त को न्यायालय अंबिकापुर में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां से उसे जेल दाखिल का आदेश प्राप्त हुआ। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के साथ मुख्य आरक्षक कुमारु राम, रमेश दुबे, अशोक सोनी, नगर सैनिक रणविजय सिंह, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह एवं अंजू एक्का सक्रिय रहे।

Spread the love