अंबिकापुर। एक्सीडेंट से मौत के बाद मामले में गवाह के द्वारा न्यायालय में गवाही देने की बात को लेकर गालीगलौज और घर में आकर व थाना परिसर में जमकर मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। मारपीट से आहत का अंबिकापुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना की रिपोर्ट पर पुलिस ने छह लोगों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
सूरजपुर जिला के पुराना माइन्स कॉलोनी भटगांव निवासी आर्या झा पति कुन्दन झा 26 वर्ष ने भटगांव थाने में रिपोर्ट दर्ज कराया है कि वर्ष 2024 में उनके घर के सामने शिव मंदिर के पास रहने वाले आदित्य कुमार निवासी भटगांव बी-टाइप कॉलोनी का एक्सीडेंट में मौत हो गया था। मामले में उनका देवर सूरज झा गवाह है, तब से आदित्य कुमार सिंह एवं उसके भाइयों के द्वारा उनके पति एवं देवर को कुछ दिनों से घर के पास आकर प्रकरण में गवाही नहीं देने के लिए लड़ाई-झगड़ा करके विवाद किया जा रहा था। 20 अगस्त को रात करीब 11-11.30 बजे के बीच यश कुमार सिंह, आदर्श कुमार सिंह, आदित्य कुमार सिंह, श्रवण जायसवाल एवं पीयूष मेहता उनके घर के बाउंड्रीवॉल के दरवाजे को जबरजस्ती खोलकर सूरज कहां है, हमारे खिलाफ न्यायालय में गवाही दे रहा है, कहते हुए गाली-गलौज करने लगे। कुछ समय बाद उनका देवर सूरज आ गया, इसके बाद सभी गाली देते हुए हाथ, मुक्का, डंडा, लोहे के कड़ा से मारपीट करने लगे। इनके द्वारा एक्सीडेंट के मामले में आदित्य सिंह के खिलाफ न्यायालय में गवाही देने की बात कहकर जान से मार देने की धमकी दी गई। मारपीट में आई गंभीर चोटों के कारण सूरज झा जमीन पर गिर गया। मारपीट होते देखकर मोहल्ले के लोग आ गए और बीच-बचाव करने लगे, इसके बाद आरोपी अपनी चार पहिया गाड़ी को छोड़कर भाग गए। घायल सूरज को कार में लेकर ड्राइवर मोनू राजवाड़े गया था, कुछ देर बार वह फोन करके बताया कि थाना परिसर में पोर्च के बगल में गाड़ी खड़ी किए ही थे, कि यश कुमार सिंह, आदर्श कुमार सिंह, आदित्य कुमार सिंह सहित अन्य थाना परिसर में गाली-गलौज करते हुए पुन: सूरज झा से मारपीट किए, जिसे पुलिस वाले सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र भटगांव लेकर गए हैं। यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर सूरज झा को होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है। रिपोर्ट पर पुलिस सभी आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज करके वैधानिक कार्रवाई की है।

Spread the love