अंबिकापुर। इमरजेंसी बताकर रुपये मंगाने के लिए पड़ोस में किराए के मकान में रहकर पढ़ाई करने वाले छात्र के बैंक खाता से जुड़े फोन पे का बार कोड लेकर एक लाख 79 हजार रुपये मंगाने के मामले में गांधीनगर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है, और अग्रिम कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के मुताबिक एमसीबी जिला के ग्राम जोवापारा हर्रापारा, नागपुर का दीपक कुमार साहू अंबिकापुर के कमोदा होटल के पास न्यू कॉलोनी में ईश्वर जैन के यहां किराए के मकान में रहकर साईं बाबा कॉलेज में पढ़ाई करता है। यहीं बगल में बिहारपुर चांदनी का अभिषेक जायसवाल रहता था, जो 11 दिसम्बर 2024 को दीपक के मोबाइल पर कॉल करके बोला कि उसके घर से पैसा भेज रहे हंै, फैमिली इमरजेंसी है और उसका बैंक खाता होल्ड हो गया है। पैसा मांगने के लिए बैंक खाता का आवश्यकता है। जब वह अपने खाता में रुपये मंगाने से इन्कार कर दिया तो वह बार-बार बहुत इमरजेन्सी है, कहकर मदद करने के लिए कहा। पड़ोसी होने के नाते कई बार आग्रह करने पर वह उसकी बात को मान गया। इसके बाद अभिषेक उसको गांधीनगर में जायका होटल के पास बुलाया और बार कोड मांगा, तब वह अपने बैंक ऑफ बड़ौदा के खाता से जुड़े फोन पे का बार कोड उसको दे दिया। इसके बाद अभिषेक जायसवाल बार कोड को किसी को भेजा और उसके खाते में कई बार में 1 लाख 79 हजार रुपये आया। रुपये आने के बाद अभिषेक जायसवाल उसको नमनाकला रिंग रोड में स्थित बैंक ऑफ बड़ौदा ले गया, जहां मेरे चेक के माध्यम से 1 लाख 70 हजार रुपये कैश निकाला और एटीएम से 9 हजार निकलवाया। इसके बाद उसको जायका होटल के पास छोड़ दिया। अभिषेक के द्वारा पैसा निकालने के 4-5 दिन बाद उसका बैंक खाता होल्ड हो गया, तब वह अभिषेक से पूछा कि उसका बैंक खाता कैसे होल्ड हो गया, तो वह बोला कि तुम्हारे खाता में पहली बार इतना पैसा आया है, इसलिए तुम्हारा खाता होल्ड हो गया होगा। बैंक खाता का होल्ड कैसे हटेगा, पूछने पर वह आज-कल हो जाएगा कहकर टाल-मटोल करते रहा। करीब 2 माह बाद उसके पास बैंक ऑफ बडौदा से कॉल आया, कॉल करने वाले ने पूछा कि तुम्हारे खाते में पैसा कहां से आया था, तो वह पूरी बात बताया। इसके बाद अप्रैल 2025 में पता चला कि बलरामपुर पुलिस द्वारा किसी केस में अभिषेक को गिरफ्तार करके जेल भेजा गया है। रिपोर्ट पर पुलिस आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज करके अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love