दो को मामूली चोटें आईं, एनएच में गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे, जिम्मेदार चैन की नींद ले रहे
अंबिकापुर। अंबिकापुर-मनेन्द्रगढ़ रोड (एनएच-43) की स्थिति काफी दयनीय है, इसके बाद भी सड़क सुधार की किसी प्रकार की पहल का नहीं होने से सड़क हादसे में लोगों को जान गंवाना पड़ रहा है। गड्ढों से बचने और टॉयर को क्षति पहुंचने से बचाने के लिए कट मारकर निकलना या वाहन की गति धीमी करना वाहन चालकों की मजबूरी है। ऐसे में भारी या छोटी वाहन आसपास से गुजर रही हो, तो सवारों की जान खतरे में पड़ जाती है। बरसाती पानी से लबालब गड्ढों को पार करते समय वाहन चालक नियंत्रण भी खो रहे हैं। ऐसे ही हालातों के बीच कार चलाते अंबिकापुर से एक दोस्त का जन्मदिन पार्टी मनाने निकले नवयुवक की कार का चक्का गहरे गड्ढे में गया और टायर फटने के बाद अनियंत्रित कार खड़ी ट्रक से टकरा गई, जिसमें उसकी जान चली गई, दो अन्य युवकों को सामान्य चोटें आई हैं। घटना रविवार शाम की है। घटना से मृतक के स्वजन व मित्रों में शोक का माहौल है। इस घटना के बाद उसी स्थान पर दो और हादसे हुए, जिसमें कार की ठोकर से खड़ी कार, स्वराज माजदा से टकरा गई, वहीं ट्रक के चपेट में खड़ी मोटरसायकल आ गई। घटना के बाद लोग प्रशासन के प्रति आक्रोशित नजर आए, जिन्हें एनएच में भारी-भरकम गड्ढों की परवाह नहीं है।
जानकारी के मुताबिक गोधनपुर निवासी अतुल सिंह पिता मनोज सिंह 26 वर्ष, रविवार को ब्रेजा कार क्रमांक सीजी 15 ईसी 9253 में अपने दो अन्य दोस्तों आशुतोष मिश्रा और आशीष गुप्ता के साथ शाम करीब 7 बजे, ठेकेदारी का काम करने वाले राघवेन्द्र दुबे का जन्मदिन पार्टी मनाने सूरजपुर जिले की ओर किसी होटल में जा रहे थे। अतुल के अन्य दोस्त दूसरी वाहन में सवार होकर निकले थे। रेलवे स्टेशन रोड में बड़े गड्ढे में कार का चक्का जाने के बाद टायर फट गया, जिससे कार अनियंत्रित होकर अजिरमा में स्थित अशोक लिलेंड सर्विस सेंटर के सामने खड़ी ट्रक क्रमांक सीजी 10 बीआर 1291 से टकरा गई, जिसमें कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार चला रहे अतुल सिंह को गंभीर चोटें आई थी। सूचना मिलने पर गांधीनगर थाना पुलिस और डॉयल 112 की टीम मौके पर पहुंची और कार सवार घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया। यहां आपातकालीन चिकित्सा परिसर में मौजूद चिकित्सक ने रात 8.53 बजे अतुल सिंह को मृत घोषित कर दिया। मृतक के साथ कार में सवार आशुतोष मिश्रा और आशीष गुप्ता को सामान्य चोटें आई थीं, इन्हें उपचार सुविधा उपलब्ध कराई गई। घटना की जानकारी मिलने पर मृत अतुल सिंह व साथियों के स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, और कोहराम की स्थिति बन गई। पुलिस ने सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद मृतक के शव को स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। गमगीन माहौल में शंकरघाट में स्थित मुक्तिधाम में उसका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें काफी संख्या में लोग शामिल हुए।
बाक्स
पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल, बच्ची के सिर से पिता का साया हटा
मनोज सिंह के दो पुत्र हैं, छोटे पुत्र की मौत से पूरा परिवार सदमे में है। घटना में दो साल की मासूम बच्ची के सिर से पिता का साया उठ गया है, वहीं गर्भवती पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के समय मृतक की पत्नी अपने मायके पटना, बिहार में थी, जो सड़क हादसे में पति के घायल होने की खबर मिलने पर अंबिकापुर पहुंची। बौरीपारा में रहने वाले मृतक के चाचा रामविनय सिंह ठेकेदार हैं। एग्रीकल्चर से एमएससी करने के बाद अतुल भी अच्छा-खासा ठेकेदारी का काम कर रहा था।
खड़ी कार को मारा टक्कर, ट्रक से भिड़ी कार, बुलेट वाहन भी क्षतिग्रस्त
दर्दनाक हादसे के बाद दो अन्य हादसे हुए, जिसमें खड़ी कार को एक अन्य कार सवार ठोकर मार दिया, जिससे कार खड़ी स्वराज माजदा ट्रक से टकरा गई, और स्वराज माजदा के पीछे खड़ी बुलेट मोटरसायकल ट्रक के चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई।
जानकारी के मुताबिक नमनाकला अंबिकापुर में स्थित रामनिवासी कॉलोनी निवासी मनोज अग्रवाल को 24 अगस्त को रात करीब 8.30 बजे परिचित मुकेश अग्रवाल सेे फोन पर सूचना मिली कि उनका भाई रूपेश अग्रवाल किसी के स्वराज माजदा वाहन में सवार होकर अंबिकापुर आ रहा था, उक्त वाहन का एक्सीडेंट अजिरमा में अशोक लिलैण्ड सर्विस सेंटर के सामने हो गया है, जिसमें रूपेश को चोट आई है। सूचना मिलने पर वे अपने भतीजा अभिषेक के साथ स्वयं के क्रेटा कार क्रमांक सीजी 15 ईएच 2823 से रात करीब 10.30 बजे मौके पर पहुंचे और अपनी क्रेटा कार को पार्किंग लाइट जलाकर सड़क के किनारे खड़ा कर दिए थे। स्वराज माजदा वाहन के पास पहुंच कर घटनाक्रम को देख रहे थे, उनका भतीजा अभिषेक कार में ही बैठा था। इसी दौरान पीछे की ओर से आई कार क्रमांक सीजी 15 डीएक्स 2359 के चालक ने अपनी कार को तेज रफ्तार में चलाते हुए क्रेटा कार वाहन को ठोकर मार दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि क्रेटा कार सामने खड़ी दुर्घटनाग्रस्त स्वराज माजदा से टकरा गई, जिससे उनकी कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। कार में बैठा भतीजा अभिषेक मित्तल बाल-बाल बच गया। दुर्घटनाकारित कार में सवार व्यक्ति नशे की हालत में था। कार का एयर बैग भी खुल गया। इस घटना के बाद स्वराज माजदा के पीछे खड़ी विल्सन टोप्पो की बुलेट भी स्वराज माजदा के चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। रिपोर्ट पर केस दर्ज करके गांधीनगर थाना पुलिस मामले की अग्रिम जांच, विवेचना कर रही है।
बारिश में गड्ढे पानी से लबालब, जनजीवन खतरे में
अंबिकापुर-मनेन्द्रगढ़ मार्ग में जगह-जगह इतने खतरनाक गड्ढे हैं, जिनकी गिनती कर पाना संभव नहीं है। इन गड्ढों में बारिश का पानी भरने के बाद और खतरनाक हालात बन जाते हंै। गड्ढों में वाहनों का चक्का जाने के बाद खतरे की स्थिति आए दिन बन रही है। शारीरिक तकलीफ तो वाहन चालक झेल ही रहे हैं, कब और कौन सा वाहन उनके लिए काल साबित हो जाएगा, कह पाना मुश्किल रहता है। हंसते-मुस्कुराते घरों से निकलने वाले लोग, इस मार्ग से होकर सही सलामत घर पहुंचने पर भगवान का शुक्र मनाते हैं। राष्ट्रीय राजमार्ग में हुए हादसे के बाद प्रशासनिक तंत्र व जनप्रतिनिधियों को लोग कोस रहे थे, जो बड़ा ओहदा पाने के बाद भी लोगों के लिए तारणहार नहीं बन पा रहे हैं। जर्जर सड़कों की समस्या से निजात नहीं मिलने को लेकर जनता हलाकान है। अंबिकापुर से गुजरने वाली राजमार्ग की सड़क के साथ ही निगम की सड़कें भी जर्जर हंै। राहगीरों, वाहन चालकों को जर्जर सड़क से नहीं बल्कि दुनिया से असमय मुक्ति मिलना अब लोगों को रास नहीं आ रहा है।

Spread the love