अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के निवास से पीतल की 15 किलो वजनी मूर्ति चोरी करने वाला सीसीटीवी में कैद हो गया है। सरगुजा पैलेस परिसर से लगे कोठीघर में रविवा, 3 अगस्त की रात एक बजे चोरी की घटना हुई थी। बदमाश पीतल से निर्मित हाथी की मूर्ति चुराकर भाग गया।
वीडियो में एक युवक पैलेस परिसर में चोरी करके वापस जाते दिखाई दे रहा है। चोर पीछे के रास्ते आया था। मूर्ति का वजन 15 किलो से ज्यादा था, जिसकी कीमत 40 हजार रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मामले मे अपराध दर्ज कर लिया है। टीएस सिंहदेव हाल में विदेश प्रवास पर हैं। बता दें कि कोठीघर की सुरक्षा निजी सुरक्षाकर्मियों के जिम्मे है। कर्मियों को जब इसकी भनक लगी तो उन्होंने सीसीटीवी खंगाला, तब चोरी की बात पता चली। इसके बाद कोठीघर के मैनेजर राज सोनी ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। कोतवाली थाना प्रभारी मनीष सिंह परिहार ने बताया कि मामले में धारा 305, 331 (4)- बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया है। फुटेज के आधार पर आरोपी के शिनाख्त की कोशिश की जा रही है।
राजपरिवार का निवास है पैलेस
कोठीघर का उपयोग कई सालों तक कांग्रेस कार्यालय के रूप में किया जाता रहा है, वर्तमान में टीएस सिंहदेव ‘तपस्या’ भवन में निवास करते हैं। राजपरिवार के लोग जब आते हैं, तो वे कोठीघर में रहते हैं। इसका निर्माण कई साल पहले पैलेस के क्षतिग्रस्त होने के बाद कराया गया था। जिस पीतल की मूर्ति की चोरी हुई है, वह 2 साल पहले लाई गई थी। कोठीघर के रेनोवेशन के दौरान मूर्ति मुख्य दरवाजे के पास सजाई गई थी
इस घटना के बाद लॉ एंड ऑर्डर को लेकर कांग्रेस और बीजेपी नेताओं के बीच बयानबाजी शुरू हो गई है। कांग्रेस नेताओं ने कहना है कि प्रदेश में जब से भाजपा सरकार आई है। आपराधिक घटनाओं पर नियंत्रण खत्म हो गया है।
बीजेपी प्रवक्ताओं ने पलटवार कर कहा कि, कांग्रेसियों को भूपेश सरकार का कार्यकाल याद रखना चाहिए। उनके कार्यकाल में कितनी आपराधिक घटनाएं हुई, ये किसी से छिपी नहीं है।कांग्रेस संचार विभाग के अध्यक्ष सुशील आनंद शुक्ला ने कहा कि, अपराधियों के हौसले इतने बुलंद है कि वो अब राजनेताओं का भी घर नहीं छोड़ रहे हैं। उन्हें बयान के दौरान कांग्रेस कार्यालय में हुई मोबाइल चोरी की घटनाओं का भी जिक्र किया।
बीजेपी प्रवक्ता अनुराग अग्रवाल ने पलटवार कर कहा कि, कांग्रेस नेताओं के पास मुद्दों की दरिद्रता है। कांग्रेस जानती है कि विष्णु सरकार के कार्यकाल में जनता का काम सांय-सांय हो रहा है। कांग्रेस लॉ एंड ऑर्डर पर सवाल उठा रही है, लेकिन उन्हें भूपेश सरकार के कार्यकाल में हुई
घटनाओं को नहीं भूलना चाहिए। कांग्रेसी नेता बयानबाजी कर केवल जगहंसाई करवा रहे हैं।

Spread the love