अंबिकापुर। तालाब के पास मेड़ में खेल रहा एक बालक अचानक आए तेज आंधी में तालाब में गिर गया। अचेत अवस्था में बालक को बाहर निकालकर स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचे, यहां जांच के बाद चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना अंबिकापुर के ग्राम रामनगर निवासी विश्वजीत पिता बीरबल पहाड़ी कोरवा 12 वर्ष, मंगलवार की शाम को करीब 4 बजे घर के पास स्थित तालाब के मेड़ में अन्य बच्चों के साथ खेलते समय दौड़ रहा था। इसी दौरान अचानक तेज हवा का झोंका आया, जिससे वह खुद को संभाल नहीं पाया और तालाब में गिर गया। इसकी सूचना अन्य बच्चों ने विश्वजीत के परिजन और गांव के लोगों को दी। आननफानन में बालक को कुएं से बाहर निकाला गया, तत्समय उसकी सांस चल रही थी, मेडिकल कॉलेज लाने के बाद चिकित्सक उसे आवश्यक उपचार की सुविधा मुहैया करा रहे थे, लेकिन उसकी जान नहीं बच पाई। चिकित्सक ने शाम करीब 7 बजे उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से स्वजन में शोक का माहौल है। पुलिस ने बालक के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Spread the love