अंबिकापुर। भारतीय सेना के सम्मान में सरगुजा पुलिस ने तिरंगा यात्रा निकालकर नागरिकों को देशभक्ति से ओतप्रोत किया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के दिशा निर्देशन में निकाली गई तिरंगा यात्रा को लेकर पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों में उत्साह देखने को मिला। शहर के प्रमुख चौक-चौराहों सेे पुलिस टीम ने मोटरसायकल रैली निकाली और देश के सैनिकों के अदम्य साहस को सलाम किया।
आतंकवाद के खिलाफ भारत की जीरो टोलरेंस नीति और ऑपरेशन सिंदूर की ऐतिहासिक सफलता को समर्पित कार्यक्रम तिरंगा यात्रा की शुरूवात 17 मई को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में रक्षित केंद्र से पुलिस अधिकारियों, कर्मचारियों द्वारा मोटरसायकल रैली निकालकर की गई। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने हरी झंडी दिखाकर इन्हें रवाना किया। सरगुजा पुलिस के जवान अपने हाथों में तिरंगा लेकर देश के शूरवीर सैनिकों के प्रति उनके अदम्य साहस एवं पराक्रम के लिए सम्मान प्रकट किए। तिरंगा यात्रा पुलिस लाइन से रवाना होकर जयस्तम्भ चौक, पुराना बस स्टैंड, ब्रम्ह रोड, संगम चौक, घड़ी चौक, गांधी चौक, आकाशवाणी चौक, मिशन चौक, प्रतापपुर चौक, लरंगसांय चौक होते हुए पुन: रक्षित केंद्र पहुंची। सरगुजा पुलिस की देशभक्ति एवं जनसेवा से ओतप्रोत तिरंगा यात्रा से नागरिकों में देशभक्ति का संचार हुआ एवं भारतीय सैनिकों के जज्बे को उन्होंने भी सलाम किया। तिरंगा यात्रा के दौरान रक्षित निरीक्षक तृप्ति सिंह राजपूत एवं यातायात प्रभारी निरीक्षक अश्वनी सिंह एवं सरगुजा पुलिस के 75 से अधिक पुलिस अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।  

Spread the love