अंबिकापुर। भतीजी की तलाश में निकले युवकों से ग्राम धनौरा में कुछ लोगों ने जमकर मारपीट की घटना को अंजाम दिया, जिसमें वे अचेत हो गए। पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
दरिमा थाना क्षेत्र के शैलेन्द्र एक्का ने पुलिस को लिखित में आवेदन प्रस्तुत करके बताया है कि 15 मई की शाम को करीब 8-9 बजे वह अपनी भतीजी को खोजने हेतु ग्राम धनौरा अपने साथियों मनेराम, मुनेश्वर और सनेश्वर के साथ गया था, जिससे वह फोन में बात करती थी। पूछताछ करने के दौरान ग्राम धनौरा के ईश्वर उरांव व बहोरन उरांव पहुंचे और बेवजह गाली-गलौज करते हुए हाथ-मुक्का से मारपीट करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे। मारपीट से शैलेन्द्र व मनेराम अचेत हो गए, इन्हें सिर मे चोंट आई थी। इस दौरान साथ में गए मुनेश्वर और सनेश्वर ने बीच-बचाव किया और वे उन्हें मोटरसायकल से लेकर घर आ गए। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज किया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love