अंबिकापुर। असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने सरगुजा पुलिस के द्वारा शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। बुधवार को देर शाम पुलिस टीम द्वारा वाहनों की सघन जांच की गई। इस दौरान चार पहिया वाहन से बेसबॉल बरामद होने पर वाहन मालिक से सख्त पूछताछ की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने जिले में पुलिसिंग दुरूस्त करने एवं असामाजिक तत्वों, हुड़दंगियों, गुंडा-बदमाशों पर पैनी नजर रखने के लिए सख्त कार्रवाई करने के निर्देश सभी थाना व चौकी प्रभारियों को दिए हैं। इसी क्रम में बुधवार की शाम को संयुक्त पुलिस टीम ने शहर के घड़ी चौक, गांधी चौक सहित संवेदनशील व सूनसान इलाके तक चेकिंग अभियान चलाया और हुड़दंगियों के साथ ही शराब पीकर वाहन चलाने वाले और यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरूद्ध कार्रवाई की। चारपहिया वाहनों की जांच के दौरान वाहनों की डिक्की खुलवाकर चेक किया गया, इस दौरान एक वाहन से बेसबॉल बरामद होने पर वाहन मालिक से पूछताछ की जा रही है। सरगुजा पुलिस जिले में किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने, इसे लेकर अलर्ट मोड पर है। कानून व्यवस्था का लोगों से पालन करने की अपील के साथ कार्रवाई में पुलिस लगी है। इस दौरान थाना कोतवाली, गांधीनगर एवं मणिपुर की पुलिस टीम सक्रिय रही।

Spread the love