अंबिकापुर। सरगुजा के संभागीय आबकारी उड़नदस्ता टीम ने बुधवार को सरगुजा जिले के मठपारा के 3 महुआ शराब विक्रेताओं को जेल दाखिल किया। उपायुक्त आबकारी विजय सेन शर्मा के मार्गदर्शन में संभागीय आबकारी उड़नदस्ता की टीम ने यह कार्रवाई की। 14 मई को सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता को मुखबिर से सूचना मिली कि सरगुजा जिले के थाना मणिपुर अंतर्गत मठपारा के एक ही मोहल्ला में तीन लोगों के द्वारा भारी मात्रा में शराब का निर्माण करके बेचा जा रहा है। सूचना पर तत्काल आबकारी उड़नदस्ता की टीम मठपारा में छापामार कार्रवाई की और रामधनी तिग्गा के कब्जे से 10 लीटर महुआ शराब एवं 60 किलोग्राम महुआ लहान, कविता यादव के कब्जे से 7.5 लीटर महुआ शराब और लगभग 80 किलोग्राम महुआ लहान, विमला साहू के कब्जे से 12 लीटर महुआ शराब एवं 80 किलो महुआ लहान जप्त किया। तीनों आरोपियों को आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क), (च), 34(2) एवं 59 (क) के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में रिमांड के लिए प्रस्तुत किया गया, जहां से इन्हें जेल दाखिल कर दिया गया है। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता एवं आबकारी उप निरीक्षक टीआर केहरी के साथ मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, कुमारु राम, अशोक सोनी एवं नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता एवं महिला सैनिक राजकुमारी सिंह व संगीता शामिल रहे।

Spread the love