बिहार में डबल इंजन की सरकार बनाने बिहार मूल के लोगों से मुलाकात किए पूर्व सांसद

अंबिकापुर। एक भारत-श्रेष्ठ भारत कार्यक्रम के अंतर्गत अंबिकापुर पहुंचे औरंगाबाद के पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील कुमार सिंह शहर के सर्किट हाउस में पत्रकारों से रूबरू हुए। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की सबसे बड़ी कार्यकर्ता आधारित पार्टी है। देशभर से कार्यकर्ता विभिन्न राज्यों के चुनावों में सक्रिय भूमिका निभाते हैं। देशभर में बिहार मूल के लगभग 2 करोड़ से अधिक लोग निवास करते हैं, इनसे आग्रह किया जा रहा है कि वे अपने गांव जाकर भाजपा और एनडीए की डबल इंजन सरकार के समर्थन में जन जागरूकता फैलाएं। छत्तीसगढ़ के लगभग 7 से 8 जिलों में बसे बिहारी भाई-बहनों से भी वे इसी उद्देश्य से मिलने आए हैं।
सुशील कुमार सिंह ने एक सवाल पर कहा कि छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात करके अंबिकापुर से रामानुजगंज जाने वाली सड़क के मरम्मत और बिहार की राजधानी से जोड़ने वाले एक्सप्रेस वे पर भी चर्चा की है, जिस पर मुख्यमंत्री ने गंभीरता से विचार करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं। सुशील कुमार सिंह ने कहा कि बिहार के सपने तभी साकार होंगे जब वहां डबल इंजन की सरकार बनेगी। उन्हें पूरा विश्वास है कि देश के विभिन्न हिस्सों से बिहार मूल के लोग इसमें अहम भूमिका निभाएंगे। इसके पहले बिहार मूल के नागरिकों के साथ बैठक में सुशील कुमार सिंह का पुष्पहार से स्वागत किया गया। भाजपा जिला अध्यक्ष भारत सिंह सिसोदिया ने कहा कि बिहार चुनाव को लेकर हमारा मनोबल और प्रतिबद्धता और अधिक मजबूत हुआ है। इस अवसर पर निगम सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी, पार्षद मनीष सिंह, अभिषेक सिंहदेव सहित अन्य कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Spread the love