अंबिकापुर। होलीक्रॉस कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल की कक्षा 10वीं की छात्रा अक्षिता डबराल ने चंडीगढ़ में आयोजित मिस्टर एंड मिस एशिया स्टार 2025 में प्रथम स्थान प्राप्त कर मिस एशिया स्टार का खिताब जीता और छत्तीसगढ़ सहित अपने शहर व जिले का मान बढ़ाया है। प्रतियोगिता चंडीगढ़ विश्वविद्यालय झांझरी में दिनांक 27 और 28 अप्रैल को आयोजित की गई थी। अक्षिता अंबिकापुर निवासी दीपक डबराल और ऐश्वर्या डबराल की पुत्री हैं।
प्रतियोगिता एनएफएमजी प्रोडक्शन के द्वारा आयोजित की गई थी। फाइनल प्रतियोगिता के पूर्व वर्ष 2024 में देश के 9 जोन से कुल 80 महिला एवं 50 पुरुष प्रतिभागियों का चयन प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के आधार पर किया गया था। अक्षिता डबराल की शुरू से रचनात्मक कार्यों, पेंटिंग, डांस, पब्लिक स्पीकिंग, भाषण और मॉडलिंग में रुचि रही है। कई पेंटिंग प्रतियोगिता में उसने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। अक्षिता को वर्ष 2023 में मिस ओडिशा से सम्मानित किया गया था। पर्यावरण संरक्षण और प्रकृति के प्रति रुचि रखने वाली अक्षिता का शैक्षणिक रिकॉर्ड उच्च स्तरीय रहा है। मेधावी छात्रा को परिवार, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षकों एवं दोस्तों से सदैव सहयोग और प्रोत्साहन मिला। अक्षिता का कहना है प्रतियोगिता में सफल होने का आत्मविश्वास उसे इस मुकाम पर पहुंचाया है।

Spread the love