आर्थिक रूप से कमजोर लोग दुविधा में, शिविर लगाकर नि:शुल्क इलाज कराने की मांग  
एआईसीसी सदस्य के साथ कांग्रेसजन खटिकपारा व झंझटपारा में घर-घर दस्तक दिए

अंबिकापुर। दूषित पेयजल सप्लाई के कारण कई घरों में लोगों के जलजनित रोगों से ग्रसित होने की शिकायत उपरांत शुक्रवार को अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य आदित्येश्वर शरण सिंहदेव, पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की एवं निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने नमनाकला के खटिकपारा एवं झंझटपारा में घर-घर जाकर स्थिति का जायजा लिया। लम्बे समय से दूषित जल की सप्लाई एवं साफ-सफाई के अभाव में क्षेत्र में पीलिया, टायफाइड और डायरिया की बीमारी के फैलाव की जानकारी सामने आ रही थी।
क्षेत्र का दौरा करने के उपरांत आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने जानकारी दी कि लगभग प्रत्येक घर में एक या एक से अधिक सदस्य बीमारियों के शिकार हैं। प्रत्येक घर से मिले इलाज से संबंधित पर्चियों से इस बात की जानकारी मिली है कि लोग पीलिया, टायफाइड और डायरिया से ग्रसित हैं। उन्होंने कहा कि लोगों ने यह बताया है कि इस क्षेत्र से 2 लोगों के मौत की चर्चा सामने आने के बाद विगत दो-तीन दिनों से पेयजल की गुणवत्ता में सुधार हुआ है। सिंहदेव ने कहा कि नावापारा स्वास्थ्य केन्द्र और मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जांच के अभाव में आर्थिक रुप से कमजोर लोगों को इलाज में भी कठिनाईयां आ रही हैं। बीमार लोगों ने यह भी शिकायत दर्ज कराई है कि उन्हें बाहर से जांच कराने में हजारों रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं। निजी अस्पतालों में इलाज कराने पर काफी व्यय हो रहा है। आदित्येश्वर शरण सिंहदेव ने प्रशासन से अपील की है कि क्षेत्र में मेडिकल शिविर लगाकर बीमार लोगों का नि:शुल्क इलाज कराया जाए। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह धन्जल, आलोक सिंह, प्रमोद चौधरी, तीरथ चौधरी, चंद्रप्रकाश सिंह, अमित सिंह मौजूद थे।  
खराब पानी पीने से होती है ये बीमारियां
बीमार लोगों के पर्चियों का अवलोकन के उपरांत पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि क्षेत्र कें सभी बीमारों की बीमारी जलजनित है। उन्होंने कहा कि लोगों को पीलिया, टायफाइड और डायरिया जैसी बीमारी है जो कि खराब पानी पीने के कारण होती है। उन्होंने निगम प्रशासन का सलाह दिया है कि ऐसी परिस्थिति में गलत बयानबाजी कर तथ्यों को छिपाने से बेहतर होगा कि मिल-जुलकर आमजन को अच्छी सुविधा उपलब्ध कराई जाए। यही एक लोक सेवक का उत्तरदायित्व है।
फरियाद महापौर को लगता है साजिश
निगम में नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद ने कहा कि आमजन के द्वारा दूषित पेयजल और बीमारी की फरियाद करना महापौर को साजिश लगता है, यह दुर्भाग्यजनक है। उन्होंने कहा कि पहले नवागढ़, मोमिनपुरा, पर्राडांड और अब नमनाकला क्षेत्र में दूषित पेयजल सप्लाई का तथ्य आना और इससे बीमारियों का फैलाव स्पष्ट करता है कि शहर के बड़े हिस्से में दूषित पेयजल सप्लाई हो रहा है। ऐसा तभी हो सकता है जबकि फिल्टर प्लांट में ही पेयजल का सही ट्रीटमेंट नहीं हो रहा हो। पेयजल की खराब गुणवत्ता का वाजिब कारण क्या है इसकी जांच के लिए उच्च स्तरीय कमेटी के गठन की मांग हमारे द्वारा की गई है। इस दिशा में पहल नहीं हुई तो कांग्रेस आमजन के स्वास्थ्य के हित में गंभीर आंदोलन के लिए सड़क पर आएगी।

Spread the love