अंबिकापुर। जिले में धान खरीदी प्रक्रिया को सुचारू और पारदर्शी बनाए रखने के लिए कलेक्टर श्री विलास भोसकर लगातार धान उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं। इसी कड़ी में सोमवार को उन्होंने रामपुर, मेंड्राकला और पुहपुटरा धान उपार्जन केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने खरीदी केंद्रों में बारदाना उपलब्धता, टोकन जारी करने की व्यवस्था, इलेक्ट्रॉनिक तुलाई, मजदूरी भुगतान, छोटे और सीमांत किसानों की भागीदारी तथा समितियों में पंजीकृत किसानों की संख्या सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कलेक्टर ने रामपुर धान उपार्जन केंद्र में किसानों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और अनुभवों की जानकारी ली। उन्होंने परसोड़ी गांव की किसान जागरमति से टोकन और विक्रय प्रक्रिया के संबंध में फीडबैक लिया। जागरमति ने बताया कि वे 98 क्विंटल धान का टोकन कटाकर लाई हैं। यहां धान खरीदी की व्यवस्था पूरी तरह सुचारू है, किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं हो रही है। बारदाना और तुलाई की सुविधा समय पर मिल रही है। कलेक्टर ने समिति प्रबंधकों को किसान की संतुष्टि और धान उपार्जन केंद्र की व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
माइक्रो एटीएम उपलब्ध कराने के निर्देश
कलेक्टर विलास भोसकर ने केंद्र प्रबंधकों को निर्देशित किया कि धान उपार्जन केंद्रों में माइक्रो एटीएम की सुविधा अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसान अपनी जरूरत के हिसाब से निकासी की प्रक्रिया कर सकें और किसी किसान को भुगतान या व्यवस्था से संबंधित कोई समस्या न हो।

Spread the love