पालतू गाय की चोरी से क्षुब्ध पशुपालक ने थाने में दर्ज कराई रप
अंबिकापुर। गौ वंश की तस्करी करने वालों का हौसला इतना बुलंद हो गया है कि वे घरों में बंधी पालतू गायों को भी चोरी करके ले जा रहे हैं। ऐसी ही एक घटना सीसीटीव्ही में कैद हुई है, जिसमें चारपहिया वाहन में सवार होकर पहुंचे चोर दो गाय को खोलकर ले गए। पूर्व में ग्राम बधियाचुआं में गौ वंश की तस्करी करने वालों को ग्रामीणों ने पकड़ा था, और इनके कब्जे से दो दर्जन से अधिक गायों को मुक्त कराने में सफलता मिली थी। शहर के बीच हुई गाय चोरी की वारदात के बाद मवेशी पालकों को सतर्क रहने की जरूरत है, जो अपनी पालतू गौ वंश को खुले में छोड़ देते हैं।
जानकारी के मुताबिक केदारपुर अंबिकापुर में पहुना दुकान के पास रहने वाले परमानन्द तिवारी की मां सरिता देवी अपने घर में गौ वंश पाली है, जिसकी लगातार चोरी हो रही थी। 26 नवम्बर को शाम करीब 5.30 बजे पुन: रस्सी से बांधकर रखी गई गाय को घर के सामने से चोर खोलकर ले गए। सुबह उठे तो गाय नहीं थी। पड़ोस में लगे सीसीटीव्ही को देखने पर पता चला कि स्कार्पियो में पहुंचे दो व्यक्तियों के द्वारा सुबह करीब 7 बजे घटना को अंजाम दिया गया है। घर के सामने बंधी गाय को जबरदस्ती वाहन में लादकर ले जाने का पूरा घटनाक्रम सामने आने के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा है। सीसीटीव्ही में स्पष्ट नजर आ रहा है, मिशन चैक में घर के सामने बंधी गाय को जब चोर लेने के लिए पहुंचे तो वह भागने का प्रयास की, लेकिन रस्सी से बंधे रहने के कारण वह भाग नहीं पाई और गाय और बछड़े को लेकर तस्कर फरार हो गए। घटना की जानकारी परमानन्द तिवारी ने कोतवाली थाना में दी है, और गाय चोरी करने के लिए स्कार्पियो वाहन में पहुंचे चोरों का सीसीटीव्ही फुटेज पुलिस को उपलब्ध कराया है। चोरी गए गौवंश में एक गाभिन है। गौवंश की कीमत 25 हजार रुपये बताई गई है। मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने अपराध दर्ज कर लिया है और अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love