अंबिकापुर। कलेक्टर विलास भोसकर एवं जिला पंचायत सीईओ विनय कुमार अग्रवाल ने समग्र शिक्षा अभियान के तहत संचालित नई दिशा कन्या छात्रावास गंगापुर एवं बालक छात्रावास गांधीनगर का निरीक्षण किया। ये छात्रावास घुमंतू एवं कामगार परिवारों के बच्चों को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से संचालित किए जा रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दोनों छात्रावासों में बच्चों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं, आवासीय व्यवस्था, भोजन, अध्ययन वातावरण एवं देखरेख की व्यवस्थाओं का विस्तार से अवलोकन लिया। उन्होंने बच्चों से संवाद करते हुए उनकी आवश्यकताओं और दैनिक दिनचर्या की जानकारी भी ली। कलेक्टर ने कहा कि घुमंतू व कामगार परिवारों के बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बच्चों के सुगम आवागमन के लिए सड़क निर्माण, दो अतिरिक्त कमरों की व्यवस्था तथा शिक्षण गतिविधियों को सुदृढ़ करने हेतु स्कूल संचालन की आवश्यक पहल तत्काल करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. दिनेश झा, नगर निगम कमिश्नर डी.एन. कश्यप, डीएमसी सर्वजीत पाठक सहित शिक्षा विभाग एवं नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यों का निरीक्षण
कलेक्टर विलास भोसकर ने शहर के विभिन्न वार्डों में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर 2026)  के तहत चल रहे कार्यों का विस्तृत स्थलीय निरीक्षण किया। उनके साथ अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुनील नायक भी मौजूद रहे। जिला निर्वाचन अधिकारी अग्रसेन वार्ड, महामायापारा वार्ड, अब्दुल शहीद हमीद वार्ड, मायापुर वार्ड, चांदनी चौक वार्ड एवं ठनगनपारा वार्ड का भ्रमण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। कलेक्टर ने बीएलओ द्वारा किए जा रहे घर-घर सर्वे, गणना पत्रक फॉर्म के वितरण, संकलन तथा रिकॉर्ड के डिजिटाइजेशन की जानकारी ली। उन्होंने फॉर्मों के जमा कर डिजिटल प्रविष्टि में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्धारित समय-सीमा में कार्यों का शत-प्रतिशत लक्ष्य पूरा करें। शहरी क्षेत्रों में मुनादी कराके अधिकाधिक नागरिकों को एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ने हेतु प्रेरित किया जाए। साथ ही कम प्रगति वाले वार्डों में विशेष ध्यान देते हुए कार्य में गति लाने कहा। निरीक्षण के दौरान नगर निगम कमिश्नर डी.एन. कश्यप, एसडीएम फागेश सिन्हा, तहसीलदार उमेश बाज सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Spread the love