अपराधियों की खोजबीन के लिए हाथ-पैर मारना बनी पुलिस की नियति
सीसीटीव्ही में कैद हुए सार्वजनिक स्थल पर दहशत फैलाने वाले

अंबिकापुर। शहर में बदमाशों का हौसला बढ़ा हुआ है। आए दिन चाकूबाजी और गैंगवार की स्थिति बन रही है, जिससे सुस्त पुलिसिंग की शहर में चर्चा होने लगी है। लोगों का कहना है कि वारदात के बाद अपराधियों की खोजबीन के लिए हाथ-पैर मारना पुलिस की नियति बन गई है। सोमवार की रात शहर के खरसिया चौक में स्थित बिरयानी दुकान के बाहर आधा दर्जन से अधिक बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवक अपने दोस्तों के साथ बिरयानी दुकान में गया था। इस दौरान पहुंचे बदमाशों ने युवक के सिर पर 5-6 बार जानलेवा चाकू वार किया। इसका वीडियो भी वायरल हुआ है, जिसमें सार्वजनिक स्थल पर गुंडागर्दी की घटना का नजारा देखने को मिल रहा है। बिरयानी दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। गंभीर हालत में युवक का अंबिकापुर के मेडिकल कॉलेज अस्पताल में उपचार चल रहा है।
जानकारी के मुताबिक दर्रीपारा निवासी आदर्श साहू 27 वर्ष, दो अन्य दोस्तों अविनाश और साहिल गुप्ता के साथ सोमवार की रात करीब 9.30 बजे खरसिया चौक स्थित जमजम बिरयानी सेंटर गया था। इसी बीच दुकान के बाहर गोलू पठान, साहिल, फैजान, अजमत सहित अन्य पहुंचे और आदर्श को पकड़ कर उसके साथ मारपीट करना शुरु कर दिए। बदमाशों ने चाकू, चाभी से उसके सिर पर 6-7 बार प्रहार किया, अन्य लोग उसके साथ मारपीट कर रहे थे। चाकू के वार से लहूलुहान होकर आदर्श सड़क पर गिर गया, इसके बाद भी वे उसके साथ मारपीट करते रहे। घटना से बिरयानी दुकान व आसपास मौजूद लोग दहशत में आ गए। चाकूबाजी के बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए। मौके पर मौजूद लोगों के सहयोग से लहूलुहान हाल में आदर्श साहू को बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया और घटना की जानकारी युवक के स्वजन को दी। घायल युवक का इलाज जारी है। सिर में चाकू के वार से उसकी हालत गंभीर है। मंगलवार की दोपहर घायल युवक के स्वजन कोतवाली थाना पहुंचकर मामले की प्राथमिकी दर्ज कराए हैं। चाकूबाजी का सीसीटीवी फुटेज पुलिस ने बरामद कर लिया है, जिसमें आरोपियों का चेहरा स्पष्ट नजर आ रहा है।
सब्जी मंडी, कंपनी बाजार में भी जमकर मारपीट
शहर के कंपनी बाजार में रुपये के लेनदेन को लेकर सब्जी व्यापारियों के बीच खूनी संघर्ष की स्थिति निर्मित हो गई। घटना मंगलवार की सुबह करीब 11.30 बजे की है। बताया जा रहा है कि आपसी लेन-देन की बात पर सब्जी व्यापारी प्रियांशु गुप्ता सहित अन्य का दर्रीपारा निवासी अजय व विकास साहू सहित अन्य के साथ विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में तब्दील हो गया। देखते ही देखते काफी संख्या में मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सब्जी मंडी होने के कारण यहां ग्रामीण क्षेत्र से कृषकों का आना-जाना लगे रहता है, जो मारपीट की बनी स्थिति के कारण दहशत में आ गए। इसकी सूचना कोतवाली थाना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने मोर्चा संभाला और सब्जी व्यापारियों के बीच बनी संघर्ष की स्थिति को शांत कराया। पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को लेकर थाना पहुंची है। घटना में सब्जी व्यापारी प्रियांशु सहित कुछ अन्य के जख्मी होने की खबर है। पुलिस ने घायलों का मेडिकल कॉलेज अस्पताल में मुलाहिजा और उपचार कराया है। पुलिस की मानें तो मौके पर बलवा की स्थिति निर्मित हो गई थी।  
बारात में गए दुकानदार पर जानलेवा हमला
कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत रिंग रोड बौरीपारा में स्कूल के पीछे रहने वाले खाद-बीज दुकान के संचालक के साथ सोमवार की रात को मारपीट करने का मामला प्रकाश में आया है। बताया जा रहा है कि अमित कुमार गुप्ता पिता अजय कुमार गुप्ता 24 नवम्बर को रात करीब 9.30 बजे पड़ोस में रहने वाले रामबिलास सिंह के भतीजा के बारात में शामिल होकर होटल सिटी इन जा रहे थे। रास्ते में मिश्रा होटल के बगल में बारात से निकलकर सड़क किनारे लघुशंका के लिए जाते वक्त पड़ोसी विपिन कुमार सिंह पिता रामराज सिंह ने पुरानी रंजिश को लेकर जान से मारने की धमकी देकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। जब उन्होंने गाली देने से मना किया तो गला दबाकर हाथ-लात, पत्थर से हमला मारपीट करने लगा, जिससे बारातियों के बीच भगदड़ की स्थिति बन गई। बारात में शामिल लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव किया। घायल युवक ने पुलिस को बताया है कि आरोपी के द्वारा पूर्व में भी उसे और पूरे परिवार को जान से मार देने की धमकी दी गई है। पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच कार्रवाई कर रही है।

Spread the love