ग्राम घाटबर्रा के ग्रामीणों से पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने की मुलाकात

अंबिकापुर। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने सरगुजा जिले के उदयपुर तहसील अंतर्गत ग्राम घाटबर्रा में ग्रामीणों से आत्मीयता के साथ संवाद कर उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना। ग्रामीणों की ओर से उठाए गए त्वरित समाधान योग्य मामलों का स्थल पर ही निराकरण किया गया, जबकि दीर्घकालिक विषयों के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में समस्या के निराकरण के निर्देश दिए गए।
मंत्री ने उपस्थित ग्रामीणों को आश्वस्त करते हुए कहा जनता की समस्याओं का समय पर प्रभावी समाधान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। ग्रामीण क्षेत्रों का समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं की उपलब्धता और जनकल्याणकारी योजनाओं का क्रियान्वयन हमारा मुख्य उद्देश्य है। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा को प्राथमिकता दें। ग्रामीणों ने अपनी सभी समस्याओं से पर्यटन मंत्री को अवगत कराया। मंत्री ने उनकी हर बात को गंभीरतापूर्वक सुना और मौके पर ही समाधान योग्य समस्याओं का निराकरण किया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से लेकर समय-सीमा में उसका निराकरण सुनिश्चित करें।
धान खरीदी केन्द्र डांडगांव का निरीक्षण
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने उदयपुर विकासखंण्ड अंतर्गत डांडगांव धान खरीदी केन्द्र का निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों से मिलकर उनकी समस्याओं को सुना और केन्द्र के कर्मचारियों एवं अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे धान खरीद प्रक्रिया को पारदर्शी, सुगम एवं त्वरित बनाएं। किसानों ने मंत्री से कहा कि प्रति क्विंटल 3100 रुपये की दर से प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान खरीद से हजारों किसानों को लाभ मिला है। वहीं ‘टोकन तुंहर हाथ ऐपÓ से किसानों को घर बैठे आसानी से धान विक्रय का टोकन मिल रहा है, इससे उपार्जन केन्द्रों पर लंबी कतारों और देरी की परेशानी खत्म हो गई है। किसानों ने इस डिजिटल पहल एवं सरकार की धान खरीदी की सुदृढ़ व्यवस्था के लिए विशेष आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि सरकार किसानों को उनकी मेहनत का उचित मूल्य दिलाने प्रतिबद्ध है। नवीन तकनीकी उपायों के जरिए सुविधा को और बेहतर बनाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे खरीदी केंद्रों पर गुणवत्ता और समयबद्ध सेवा सुनिश्चित करें।

Spread the love