एक अन्य महिला की घटना के बाद मौके पर हो गई थी मौत

अंबिकापुर। कोरिया जिला के पटना थाना अंतर्गत पुलिया के नीचे ऑटो के पलटने से एक दर्जन से अधिक महिलाएं घायल हो गई थी, इनमें से एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी, एक अन्य महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दी।
जानकारी के मुताबिक 3 नवम्बर को दोपहर करीब 12 बजे 16 महिलाएं सत्तीपारा निवासी प्रताप राजवाड़े के ऑटो क्रमांक सीजी 16 सीजे 1007 में सवार होकर रिश्तेदारी में दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने ग्राम बकसर गई थी। दशगात्र कार्यक्रम में शामिल होने के बाद सभी वापस लौट रहे थे, इस दौरान नकटापारा पुलिया के पास ऑटो से चालक का नियंत्रण हट गया, और पुलिया के नीचे जाकर ऑटो पलट गई थी। घटना में फूलकुंवर नामक महिला की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना की सूचना देर रात 11 बजे स्वजनों को मिलने पर वे मौके पर पहुंचे और पुलिस व आम लोगों के सहयोग से घायलों को पटना स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचाया था, यहां से कई घायलों वीराकुमारी, मानमती, सोनी सहित अन्य को जिला अस्पताल बैकुंठपुर रिफर किया गया था। घायल वीराकुमारी पति स्व. जय सिंह गोड़ 47 वर्ष की स्थिति गंभीर होने पर उसे आवश्यक उपचार सुविधा उपलब्ध कराने के बाद रिफर करने पर स्वजन मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराए थे, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतका के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन के सुपुर्द कर दिया है। घटना की रिपोर्ट पटना थाना में मृत फूलकुंवर के पुत्र मुकेश सिंह ने दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने ऑटो चालक के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है

Spread the love