पूर्व उपमुख्यमंत्री ने जनहित को ध्यान में रखकर कलेक्टर सरगुजा को लिखा पत्र  
अंबिकापुर। सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ की मांग व जनहित को ध्यान में रखते हुए वर्तमान जिला न्यायालय स्थल से लगे शासकीय भूमि पर ही नवीन जिला न्यायालय भवन निर्माण हेतु भूमि का आवंटन करने का आग्रह पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंह देव ने कलेक्टर सरगुजा को पत्र लिखकर किया है। इसमें उल्लेख है कि सरगुजा जिला मुख्यालय अंबिकापुर में कलेक्ट्रेट परिसर, तहसीलदार एवं एसडीएम न्यायालय के साथ ही जिला न्यायालय भी एक ही परिसर से लगकर स्थापित है। यह आमजनों के लिए सुविधाप्रद है। राजस्व सहित अन्य मामलों को लेकर जब भी जिले के अलग-अलग क्षेत्र से लोग यहां पहुंचते हैं तो उन्हें आवागमन सहित भिन्न न्यायलयों में उपस्थिति की सुविधा मिल जाती है। नवीन जिला न्यायालय भवन हेतु जिला प्रशासन द्वारा चठिरमा में भूमि का आवंटन कर दिया गया है, जिस पर सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ सहित अन्य संस्था व लोग लगातार आपत्ति प्रकट कर रहे हैं।
जनहित को यदि देखा जाए तो कलेक्ट्रेट परिसर से जिला न्यायालय का पुराना भवन लगा हुआ है, यहां पर आने-जाने में भी दिक्कत आमजनों को नहीं होती है। प्रतीक्षा बस स्टैंड के निकट में है तथा काफी संख्या में निर्धन ग्रामीण विभिन्न मामलों की सुनवाई हेतु बस स्टैण्ड से पैदल भी यहां तक पहुंच जाते हैं। चठिरमा, जिला सूरजपुर से लगा हुआ क्षेत्र है और सरगुजा का सबसे बाहरी छोर है। यहां तक पहुंचने में अधिवक्ताओं को भी भारी समस्या होगी। उपरोक्त बातों को ध्यान में रखते हुए पूर्व उपमुख्यमंत्री टी.एस. सिंहदेव ने आग्रह किया है कि जनहित में पुराने जिला न्यायालय परिसर वाली बिल्डिंग से लगे हुए गुलाब कॉलोनी एवं अन्य क्षेत्र, जिसे लेकर लगातार सरगुजा जिला अधिवक्ता संघ आवाज उठा रहा है और मांग कर रहा है, उस भूमि पर नवीन जिला न्यायालय भवन बनाने हेतु उपलब्ध कराने आवश्यक कार्रवाई करें, यह जनहित में भी होगा।

Spread the love