श्री गुरु नानक देव के 556वें प्रकाश पर्व पर उमड़ी श्रद्धा की बयार

अंबिकापुर। श्री गुरु नानक देव के 556वें प्रकाश पर्व के मौके पर बुधवार को गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, अंबिकापुर में श्रद्धा और भक्ति का अनुपम संगम देखने को मिला। सुबह से ही संगतजन गुरुद्वारा साहिब पहुंचने लगे और पूरा परिसर  ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकालÓ के जयघोष से गूंज उठा।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 से 12 बजे तक ज्ञानी छतर सिंह एवं जत्थेदार साथियों के रसपूर्ण शबद कीर्तन से हुई, जिसमें उन्होंने गुरु नानक देव के उपदेशों का संदेश देते हुए उपस्थित संगत को निहाल किया। इसके पश्चात महिलाओं एवं बच्चों द्वारा 12 से 1.30 बजे तक विशेष शबद-कीर्तन प्रस्तुत किया, जिसने वातावरण को और भी पवित्र और प्रेरणादायी बना दिया। शहर के सरदार जतिंदर सिंह सोढ़ी, डॉक्टर हर्षप्रीत सिंह टुटेजा, सरदार महेंद्र सिंह टुटेजा, अजय मिश्रा, चंद्र भूषण मिश्र ने मंच से गुरु नानक देव के जीवन, उपदेशों और देशभक्ति की भावना पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम के उपरांत गुरु का पवित्र लंगर दोपहर 12 बजे से निरंतर चलता रहा, जिसमें नगर के सभी वर्गों के लोगों ने बड़ी श्रद्धा और प्रेम से भाग लिया। लंगर में शामिल होना एकता और भाईचारे का सजीव प्रतीक बना। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार गुरुचरण सिंह छाबड़ा, सचिव हर्षदीप सिंह धन्जल, कोषाध्यक्ष प्रीतपाल सिंह मथारू सहित समाज के वरिष्ठ सदस्य और सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के प्रधान सरदार गुरुचरण सिंह छाबड़ा ने समस्त नगरवासियों को गुरु नानक देव जी के 556वें प्रकाश पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और कहा कि उनका संदेश ‘नाम जपो, किरत करो, वंड छकोÓ आज भी भारत की आत्मा और देशभक्ति की नींव है। उक्ताशय की जानकारी मीडिया प्रभारी सरदार जगदीप सिंह छाबड़ा ने दी।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने दी शुभकामनाएं
सांसद चिंतामणि महाराज, भूतपूर्व उप मुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव, कलेक्टर विलास भोसकर, एसएसपी राजेश अग्रवाल, एडिशनल एसपी अमोलक सिंह ढिल्लो, महापौर मंजूषा भगत, सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने समस्त नगर वासियों को गुरुपूर्व की शुभकामनाएं दीं, और गुरु नानक देव को मानवता, सत्य, सेवा और समानता के प्रतीक के रूप में नमन किया।

Spread the love