सुबह काम करने आए कर्मचारी तो गोदाम मालिक को मिली भीषण आग लगने की जानक
अंबिकापुर। शहर के मनेन्द्रगढ़ रोड में केंद्रीय विद्यालय के पास स्थित फर्नीचर रिपेयरिंग गोदाम में अलसुबह आग लगने से अफरातफरी की स्थिति बन गई। बगल में ही फर्नीचर पालिस करने का सामान और पेंट, पॉलिश के लिए मशीन रखा था। इससे लगा धान की बोरियों से भरा गोदाम भी था। आग भीषण रूप लेता तो बड़ी हानि की स्थिति बन सकती थी। गोदाम में आग लगने की घटना से संचालक बेखबर थे। घटना में कारोबारी को लगभग 5 लाख रुपये की क्षति पहुंची है।
जानकारी के मुताबिक वैभव अग्रवाल के फर्नीचर रिपेयरिंग गोदाम में मंगलवार को सुबह करीब 8 बजे काम करने के लिए कर्मचारी पहुंचे थे। गोदाम का शटर खोलने का वे कोशिश किए लेकिन नहीं खुला। शटर गरम था और अंदर लकड़ी, प्लाई में आग लगने से आती आवाज को सुनकर उन्होंने इसकी सूचना तत्काल फर्नीचर रिपेयरिंग का कारोबार देखने वाले वैभव अग्रवाल को दी। वे मौके पर पहुंचे और फायर स्टेशन को इसकी सूचना दिए। कुछ ही देर में दमकल वाहन के साथ टीम मौके पर पहुंची और शटर को करीब दो दर्जन लोगों की मदद से खोलने में वे सफल हुए। गोदाम के अंदर पलाई, बत्ता और लकड़ी का अन्य सामान होने के कारण आग भीषण रूप ले लिया था। शटर खोलते ही धुएं का गुबार फैल गया, अंदर-बाहर कुछ नजर नहीं आ रहा था। धुआं बाहर निकले इसके लिए गोदाम के छत के सीट को हटाकर धुआं निकलने का लिए अतिरिक्त जगह बनाया गया और दमकल के साथ पहुंचे फायरकर्मी आग बुझाने में भिड़ गए। काफी मशक्कत के बाद इन्हें आग पर काबू पाने में सफलता मिली। आग बुझाने के बाद टीम रवाना हुई लेकिन गोदाम के अंदर आग की चपेट में आए सामानों से धुआं उठ रहा था, जिसे पूरी तरह से बुझाने की कोशिश चल रही थी। दुकान के संचालक ने शार्ट-सर्किट से आग लगने की संभावना व्यक्त की है।
अलसुबह आग लगने की संभावना
फर्नीचर रिपेयरिंग का कारोबार करने वाले वैभव अग्रवाल ने बताया कि दीपावली के समय रिपेयरिंग के लिए काफी पलंग, सोफा, कुर्सियां आई थीं, जिसे रिपेयरिंग के बाद संबंधितों के सुपुर्द कर दिया गया था, जिससे बड़ी हानि की स्थिति नहीं बनी। ग्राहकों का सामान आग की चपेट में कम ही आया है। फर्नीचर रिपेयरिंग के लिए गोदाम में रखा लाखों का प्लाई, बत्ता जलकर खाक हो गया। गोदाम संचालक के द्वारा शार्ट-सर्किट से अलसुबह 4 से 5 बजे के बीच आग लगने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
आग बुझाने 4 दमकल वाहनों का उपयोग
जिला अग्नि शमन अधिकारी, फायर स्टेशन प्रभारी अंजनी तिवारी ने बताया कि मंगलवार को सुबह 9.5 पर कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि मनेन्द्रगढ़ रोड में लक्ष्मी मोटर्स के पीछे वैभव फर्नीचर में आग लगा है। सूचना प्राप्त होने पर पहले दमकल वाहन क्रमांक सीजी 02 एयू 2295 को तत्काल रवाना किया गया। घटनास्थल पहुंचने के बाद कर्मचारियों से सूचना मिली कि आग लगने की घटना बड़ी है। इसके बाद वे स्वयं एक के बाद चार अग्निशामक वाहनों को रवाना करते मौके पर पहुंचे। घटनास्थल पर उनके साथ अंजनी तिवारी, गुलशन तिवारी, राजू गोस्वामी, विकास पांडे, राकेश रावत, बीजू नायर, राजेश्वर गुप्ता, विजय यादव, अजीत एक्का मौजूद रहे, आग को पूरी तरह से काबू करने में दो घंटे से अधिक समय लगा। किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

Spread the love