शरीर में चोट के निशान, फरार साथी युवक पर हत्या का संदेह

अंबिकापुर। सरगुजा जिला के कमलेश्वरपुर, मैनपाट थाना अंतर्गत ग्राम कुदारीडीह में यात्री प्रतीक्षालय के पास एक युवक का मंगलवार की सुबह शव मिला, उसकी पहचान पश्चिम बंगाल निवासी युवक के रूप में हुई है। वह अपने साथियों के साथ निर्माणाधीन भवन में राजमिस्त्री का काम करने आया था। सूचना पर पहुंची पुलिस को जांच में उसके शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। साथ में काम करने वाला एक युवक फरार है, जिसके हत्या में शामिल होने की आशंका है।
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की सुबह मैनपाट के मेहता प्वाइंट रोड स्थित ग्राम कुदारीडीह के यात्री प्रतीक्षालय के पास मैदान में एक युवक की लाश मिलने की सूचना स्थानीय ग्रामीणों ने कमलेश्वरपुर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। युवक का शरीर औंधे मुंह पड़ा हुआ था और शरीर मं जगह-जगह चोट के निशान थे। इससे आशंका हत्या की बनी हुई है। पुलिस ने घटनास्थल का फिंगर प्रिंट लेने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया है। मृत युवक की पहचान पश्चिम बंगाल निवासी राजू के रूप में हुई है, जो मेहता प्वाइंट रोड स्थित निर्माणाधीन बिल्डिंग वसुंधरा विहार में राजमिस्त्री का काम करता था। पुलिस ने मृतक के स्वजन को मोबाइल से घटना की सूचना दी है। पुलिस अज्ञात के खिलाफ अपराध दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।

Spread the love