अंबिकापुर। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने 56.5 किलोग्राम मादक पदार्थ गांजा के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिसकी कीमत 12 लाख रुपये बताई जा रही है।
सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि 3 नवम्बर की शाम को लखनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम पुहपुटरा मार्ग पर गस्त के दौरान एक नई ग्रैंड विटारा कार को ओवरटेक करके रोकने पर कार चालक हड़बड़ा गया। संदेह होने पर कार आगे न जाने पाए, इसलिए मार्ग अवरूद्ध किया गया। पूछताछ करने पर चालक ने कार में गांजा रखे होने की जानकारी दी। कार में बैठे दोनों व्यक्तियों ने अपना नाम जगत राम राजवाड़े निवासी ग्राम कोरजा, थाना लखनपुर व अरविंद राजवाड़े निवासी भि_ी कला थाना मणिपुर बताया। कार की तलाशी लेने पर 54 पैकेट गांजा मिला, जिसका वजन 56.559 किलोग्राम था। दोनों आरोपियों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20सी के तहत गिरफ्तार कर 4 नवंबर को विशेष न्यायाधीश नारकोटिक्स अंबिकापुर में पेश किया गया, जहां से इन्हें जेल दाखिल करने का आदेश प्राप्त हुआ। सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता ने बताया कि नशीले इंजेक्शन के विरुद्ध ताबड़तोड़ कार्रवाई के बाद गांजा की बड़ी खेप पकड़ने में उड़नदस्ता टीम को सफलता मिली है। इसके पहले बीते वर्ष मुकेश राम यादव को 40 किलो गांजा के साथ फोर्ड इको स्पोर्टस कार में पकड़ा गया था, उक्त आरोपी को न्यायालय ने 14 वर्ष के सश्रम कारावास तथा एक लाख रुपये जुर्माना की सजा सुनाई थी। कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी के साथ आबकारी उप निरीक्षक तेजराम केहरी, मुख्य आरक्षक रमेश दुबे, नगर सैनिक गणेश पांडे, रणविजय सिंह, ओमप्रकाश गुप्ता, महिला सैनिक राजकुमारी सिंह, अंजू एक्का व आबकारी स्टाफ नीरज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
बाक्स

Spread the love