0 दो दिनों से हो रही बूंदाबांदी के बीच फसल बचाने किसान कर रहे जद्दोजहद

चांदनी बिहारपुर।  क्षेत्र सहित आसपास के गांवों में इन दिनों धान की कटाई, मिसाई और धुलाई का कार्य जोरों पर चल रहा है। खेतों में पकी फसलें तैयार हैं और किसान दिन-रात मेहनत कर उसे काटकर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने में जुटे हुए हैं। लेकिन इस बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। दो दिनों से क्षेत्र में लगातार हल्की बूंदाबांदी हो रही है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है।

धान कटाई के बाद खेतों में खुले में रखे फसल के ढेर और मिंजाई की प्रक्रिया पर बारिश का असर पड़ने की संभावना बन गई है। यदि आने वाले दिनों में तेज बारिश होती है तो किसानों की कई महीनों की मेहनत पर पानी फिर सकता है। ग्राम पंचायतों के कई किसानों ने बताया कि बारिश से कटी हुई फसल में नमी बढ़ रही है, जिससे धान सूखने में दिक्कत आ रही है। वहीं जिन किसानों ने धान की मिंजाई पूरी नहीं की है, उनके लिए स्थिति और भी कठिन हो गई है। किसानों का कहना है कि अगर बारिश का दौर बढ़ गया, तो फसल सड़ने और खराब होने का खतरा रहेगा, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ सकता है। किसान राजेश जायसवाल ने बताया कि “हम लोग पिछले कई दिनों से फसल काट रहे हैं, लेकिन अब मौसम ने चिंता बढ़ा दी है। अगर तेज बारिश हो गई तो धान खराब हो जाएगा और मेहनत बेकार चली जाएगी।”

इसी तरह अन्य किसानों ने भी प्रशासन और मौसम विभाग से अपील की है कि वे समय रहते जानकारी दें ताकि फसल को बचाने के उपाय किए जा सकें।

मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए हल्की से मध्यम वर्षा की संभावना जताई है। इससे क्षेत्र के किसान सतर्क हैं और तेजी से धान की कटाई, मिंजाई और भंडारण का कार्य पूरा करने में जुटे हुए हैं।

Spread the love