सूने मकान में चोरी की वारदात को दिया अंजाम, 5 लाख का सामान बरामद

अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र के केशवपुर में सूने मकान से चोरी के मामले में 2 विधि से संघर्षरत बालकों, खरीददार समेत 6 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त चोरी का सामान, सोने-चांदी का जेवरात जप्त करने में पुलिस सफल हुई है, इसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त स्कूटी वाहन भी बरामद कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक केशवपुर निवासी सत्य प्रकाश सिंह के यहां 2-3 अक्टूबर की दरम्यानी रात चोरी की घटना को अज्ञात लोगों ने अंजाम दिया था। इस दौरान घर को लॉक करके पूरे परिवार के सदस्य अपने पुश्तैनी घर नागपुर, जिला एमसीबी गए थे। 3 अक्टूबर को घर वापस आने पर बाहर से सब कुछ सही सलामत था, लेकिन अंदर जाने पर छत के ऊपर का दरवाजा खुला हुआ मिला। अंदर मेन गेट का ताला भी टूटा हुआ था। कमरे के अंदर रखे अलमारी का लॉक टूटा हुआ था और अलमारी में रखे सोने के जेवर में गले का हार, 2 जोड़ा कान का झुमका, कंगन, नाक का फुल्ली, जिवतिया लॉकेट, मंगलसूत्र, चैन का लॉकेट, अंगूठी, चांदी के जेवर में पायल, बिछिया, सिक्का, चैन, लॉकेट, कमरधनी, कड़ा, रेडमी नोट 9 प्रो मोबाईल, ईयर फोन, स्मार्ट वार्च एवं अलमारी में रखा नकद रकम 30 हजार रुपये नहीं था। मामले में पुलिस ने थाना गांधीनगर में धारा 331(4), 305 बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और संदेहियों के तलाश में लगी थी।
जेवरों को बेचने के फिराक में लगे थे
विवेचना दौरान पुलिस को मुखबिर से पता चला कि दो युवक मनीष सोनकर पिता नागेन्द्र सोनकर निवासी कार्मेल स्कूल के पास नमनाकला व रमेश सेमरिया पिता बिगुल राम 41 वर्ष निवासी परसोड़ी खुर्द थाना दरिमा जेवर बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। पूछताछ करने पर इन्होंने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सूने मकान में चोरी करना स्वीकार किया। आरोपियों द्वारा चोरी किए गए जेवर में से कुछ जेवर को आरोपी रमेश सेमरिया के माध्यम से सोनार विनोद गुप्ता को 21 हजार रुपये में, सोने का लरी वाला झुमका और फुल्ली और सोने का चेन लॉकेट लगा हुआ सोनार संजय सोनी को 68 हजार रुपये में बेचना बताया। पुलिस टीम ने अग्रिम कार्रवाई करते हुए खरीददार विनोद गुप्ता पिता स्व. सीताराम गुप्ता 54 वर्ष निवासी लक्ष्मीपुर व संजय सोनी पिता जिम्मेदारी सोनी 45 वर्ष निवासी हनुमान मंदिर के पास थाना मणीपुर एवं चोरी की घटना में शामिल दो विधि से संघर्षरत बालकों को पकड़ा और पूछताछ की।
तीन को चेक लिस्ट कार्रवाई करके छोड़ा
आरोपी रमेश सेमरिया, विनोद गुप्ता, संजय सोनी के द्वारा विवेचना में सहयोग करने पर इन्हें चेक लिस्ट कार्रवाई करके पुलिस ने छोड़ दिया है। प्रकरण में आरोपियों द्वारा साक्ष्य छिपाने एवं चोरी की संपत्ति खरीद-बिक्री करने पर धारा 238, 317(2), 3(5) बी.एन.एस. जोड़ा गया है। गिरफ्तार आरोपी मनीष सोनकर एवं अन्य 2 विधि से संघर्षरत बालकों के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई इन्हें न्यायालय और किशोर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक ललन गुप्ता, प्रधान आरक्षक संतोष कश्यप, आरक्षक रमन मण्डल, सत्यम सिंह, गीता प्रसाद, मोती राम सक्रिय रहे।
इन सामानों की बरामद की पुलिस
पुलिस टीम द्वारा आरोपी मनीष सोनकर के कब्जे से 1 नग सोना का जिवतिया माला सहित 2 सोने का अंगूठी, 1 जोड़ी सोने का झुमका, 18 नग चांदी का बिछिया, 3 नग चांदी का लॉकेट, एक रेडमी मोबाइल एवं घटना में प्रयुक्त स्कूटी क्रमांक सीजी 15 इएफ 3665 जप्त किया है। विधि से संघर्षरत बालकों से पृथक-पृथक 2 चांदी का कड़ा, एक इयरफोन, एक पेन ड्राइव एवं घटना में इस्तेमाल नेलकटर जप्त किया है। सोनार विनोद गुप्ता से सोने का कान का लरी वाला झुमका और नाक का सोने का फुल्ली गलाए हुए हालत में, संजय सोनी से सोने का चेन लॉकेट लगा हुआ एवं आरोपी रमेश सेमरिया से चांदी का हाथ का कड़ा 3 नग, एक चांदी का चैन लगा हुआ लॉकेट, 3 जोड़ी पायल जप्त किया है। आरोपी एवं विधि से संघर्षरत बालकों ने बेचे गए आभूषणों से प्राप्त रकम को खाने-पीने एवं घूमने-फिरने में खर्च करने की जानकारी दी।

Spread the love