चोर ताला तोड़कर सामान सहेजे और सामान ले जाने पिकअप लेकर पहुंचे थे मौके पर

अंबिकापुर। शहर में कानून व्यवस्था सुदृढ़ करने के सारे प्रयासों पर बदमाश पानी फेरते नजर आ रहे हैं। हाल में गांधी चौक से लगे व्हीआईपी कॉलोनी व मंत्री आवास के बगल में शराब दुकान में पत्थरबाजी, बाइक को पटककर क्षतिग्रस्त करने का मामला प्रकाश में आया था, इधर शासकीय भवन, लुण्ड्रा सदन में चोरी का दिनदहाड़े प्रयास करने का मामला सामने आ गया, जो लुण्ड्रा विधायक इंजीनियर प्रबोध मिंज को आबंटित किया गया है। यह सदन भी व्हीआईपी कॉलोनी में है। यहां आसपास बड़े प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों के साथ ही न्यायिक अफसरों का आवास है। चोरों की हिम्मत देखिए दिनदहाड़े विधायक आवास का ताला तोड़कर चोरों ने सामानों को सहेजा और इसे ले जाने के लिए वे बकायदा पिकअप वाहन क्रमांक जेएच 07 एम 6614 लेकर आए। इनके द्वारा पिकअप के चालक को बताया गया था कि विधायक आवास से सामान दूसरे जगह शिफ्ट करना है। इनके द्वारा विधायक आवास में रखे सोफा को पिकअप में लोड करवा दिया गया था। इस पर एक व्यक्ति की नजर पड़ी और वह पूछताछ करते हुए रोकटोक करने का प्रयास किया, इसके बाद दो युवक, जो विधायक आवास का ताला तोड़कर सामानों को पिकअप में लोड करवा रहे थे, वे मौके से फरार हो गए। मामला पुलिस के संज्ञान में लाया गया। इसके बाद मौके पर पहुंची गांधीनगर थाना पुलिस ने पिकअप वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है, और चोरों के तलाश में जुट गई है। पूछताछ में पिकअप के चालक ने बताया कि उसे सामान एक जगह से दूसरे जगह शिफ्ट करने की जानकारी देकर लाया गया था। चोरों का पता लगाने के लिए पुलिस ने सीसीटीव्ही खंगाला तो संदिग्धों का चेहरा सामने आ गया है।
बयान
विधायक लुण्ड्रा के शासकीय आवास में चोरी के प्रयास का मामला संज्ञान में आया था। एक पिकअप वाहन को मौके से बरामद किया गया है। पिकअप के चालक ने पूछताछ में बताया कि दो व्यक्ति आए और सामान एक जगह से दूसरे जगह पहुंचाने की बात कहते हुए उसे लेकर आए थे। पिकअप में सामान लोड करवाते वक्त एक व्यक्ति की नजर पड़ी, और वह रोकटोक किया, इसके बाद दोनों युवक मौके से भाग गए। पिकअप चालक के द्वारा सच्चाई बताने के बाद सीसीटीव्ही को खंगाला गया, इसमें दोनों संदिग्धों का चेहरा सामने आया है। इनके तलाश में पुलिस टीम लगी है।
राहुल बंसल, नगर पुलिस अधीक्षक

Spread the love