अंबिकापुर। दरिमा थाना पुलिस ने धर्मांतरण के मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ग्रामीणों के धार्मिक भावनाओं को आहत करने का प्रयास कर रहे थे।
जानकारी के मुताबिक 16 अक्टूबर को ग्राम कुम्हरता गवरडांड निवासी झकल राम प्रजापति के यहां दो व्यक्ति पहुंचे थे और लगभग 50 की संख्या में लोगों को एकत्र करके विद्वेषपूर्ण तरीके से हिन्दू धर्म के विश्वास को ठेस पहुंचाते हुए अपने धर्म से जुड़ने के लिए प्रेरित कर रहे थे। इनका कहना था कि उनके धर्म से जुड़ने से हर परेशानी, बीमारी दूर हो जाती है। धर्मांतरण की जानकारी आसपास के लोगों को मिली और उन्होंने इसकी सूचना दरिमा थाने में दी थी। पुलिस ने मामले में छत्तीसगढ़ धर्म स्वातंत्रय अधिनियम 1968 की धारा 4 एवं 299, 3(5) बी.एन.एस. का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया था। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल ने पुलिस टीम को सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। इसी क्रम में पुलिस ने जयप्रकाश साव पिता पन्नालाल साव 40 वर्ष निवासी खरसिया जिला रायगढ़, हाल-मुकाम चलता सीतापुर व अजीत कुमार कुजूर पिता मोहर साय 28 वर्ष निवासी मंगारी थाना सीतापुर, झकल राम प्रजापति पिता स्व. अंतराम 38 वर्ष, निवासी कुम्हरता गवरडांड़ थाना दरिमा को गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दरिमा निरीक्षक राजेश खलखो, प्रधान आरक्षक सुजीत पाल, प्रधान आरक्षक शत्रुधन सिंह, आरक्षक टिकेश्वर, श्यामलाल केरकेट्टा सक्रिय रहे।

Spread the love