अंबिकापुर। मेयर-इन कौंसिल के द्वारा शहर के चौक, मार्गों, उद्यान एवं अन्य स्थानों का नामकरण कराए जाने की सर्वसम्मति से अनुशंसा की गई थी। गुरूवार को हुई नगर निगम अंबिकापुर की दूसरी सामान्य सभा में चौक-चौराहा के नामकरण को लेकर सक्षम स्वीकृति के लिए प्रकरण निगम की सामान्य सभा में प्रस्तुत किया गया था। इसमें चांदनी चौक का नाम लाल बहादुर शास्त्री चौक और उद्यान एवं अन्य नामकरण में नवापारा मैदान का नाम बजरंग मैदान किए जाने का उल्लेख था।
नेता प्रतिपक्ष शफी अहमद के द्वारा शहर के नवापारा स्थित महागिरजाघर के सामने स्थित मैदान का नामकरण बजरंग मैदान किए जाने के प्रस्ताव का विरोध किया गया। उन्होंने सदन में हाईकोर्ट का स्टे आर्डर प्रस्तुत किया, इसके बाद सत्ता पक्ष ने इस मैदान का नामकरण बजरंग मैदान करने के प्रस्ताव को फिलहाल रोक दिया है। इसी क्रम में चांदनी चौक का नामकरण पूर्व में करने की ओर सदन का ध्यानाकर्षण नेता प्रतिपक्ष ने कराया गया। विपक्ष की आशंका को देखते हुए पूर्व में चौक का नामकरण हुआ है या नहीं, इसका परीक्षण करने कहा गया है। इस चौक का नामकरण लाल बहादुर शास्त्री चौक करने सामान्य सभा में प्रस्तुत किया गया था। सामान्य सभा में 6 चौक, 25 मार्गों व 6 उद्यान व अन्य नामकरण हेतु विचार-विमर्श करके निर्णय लिया जाना था। दो आपत्ति के साथ शेष सड़कों, चौक-चौराहों के साथ भवनों का नामकरण सर्वसम्मति से किया गया।
न्यायालयीन प्रक्रिया के कारण रोका गया  
नगर पालिक निगम के सभापति हरमिंदर सिंह टिन्नी ने बताया कि विपक्ष की आपत्ति और न्यायालयीन प्रक्रिया के चलते नवापारा मैदान का नामकरण लंबित रखा गया है। चांदनी चैक के पूर्व में नामकरण को लेकर संदेह की स्थिति है।

Spread the love