राज्यपाल ने जल संचयन, पर्यटन की संभावनाओं, पशुपालन, बैंंकिंग सेवाओं की सुदृढ़ता पर दिया जोर
सड़क दुर्घटनाओं को रोकने प्रभावी पहल करें, आकांक्षी ब्लॉक लखनपुर में ली बैठक
अंबिकापुर। राज्यपाल रमेन डेका ने सरगुजा जिले के प्रवास के दौरान सोमवार को आकांक्षी विकासखंड लखनपुर के जनपद पंचायत सभाकक्ष में ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों की बैठक ली और आकांक्षी विकासखंड अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की जानकारी ली।
राज्यपाल ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, प्रधानमंत्री आवास, सामाजिक विकास, वित्तीय समावेश तथा बुनियादी ढांचे के तहत संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए सभी विभागों को निर्देशित करते हुए कहा कि आकांक्षी विकासखंड के अंतर्गत चल रहे विकासात्मक कार्यों का शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति पहाड़ी कोरवा क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने तथा शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने हेतु सभी विभाग समन्वित प्रयास करें। राज्यपाल ने जल संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता में रखते हुए कहा कि प्रत्येक ग्राम में जल संचयन के लिए ठोस प्रयास किए जाएं। उन्होंने डबरी निर्माण, शोख पिट (सोखता गड्ढा), इंटक वेल जैसे संरचनात्मक कार्य तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिए ताकि वर्षा जल का अधिक से अधिक संग्रहण और भू-जल स्तर में सुधार हो सके और मछली पालन को बढ़ावा मिल सके। उन्होंने पशुपालन को ग्रामीण आजीविका का सशक्त माध्यम बताते हुए इसे बढ़ावा देने कहा। उन्होंने कहा कि पशुपालन से न केवल आय में वृद्धि होगी, बल्कि यह पोषण सुरक्षा के लिए भी महत्वपूर्ण है। पर्यटन विकास की संभावनाओं पर चर्चा करते हुए राज्यपाल ने कहा कि स्थानीय प्राकृतिक और सांस्कृतिक धरोहरों को संरक्षित कर पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए। इससे स्थानीय स्व-रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रभावी पहल की जाए और व्यापक जन-जागरूकता अभियान चलाए जाए। हेलमेट और यातायात नियमों के प्रति सतत जागरूकता लाने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने महिला स्व-सहायता समूहों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि समूहों की आर्थिक गतिविधियों का और विस्तार किया जाए। उन्होंने बैंकिंग सुविधाओं को सुदृढ़ और सुगम बनाने पर विशेष जोर दिया ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में वित्तीय समावेशन को मजबूती मिले। बैठक में पर्यटन, संस्कृति ,धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री राजेश अग्रवाल, लुण्ड्रा विधायक प्रबोध मिंज, कलेक्टर विलास भोसकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल, अपर कलेक्टर सुनील नायक, जनपद सीईओ डॉ. स्वेच्छा सिंह सहित जिला एवं ब्लॉक स्तरीय स्तरीय अधिकारी उपस्थित थे।
भूमिका रजवाड़े का प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान
राज्यपाल रमेन डेका ने आकांक्षी ब्लाक अंतर्गत दसवीं कक्षा में जिले में सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर भूमिका रजवाड़े को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करते हुए आगे भी बेहतर पढ़ाई करने की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने जनपद पंचायत परिसर में एक पेड़ मां के नाम पौधा रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। एक पेड़ मां के नामÓ अभियान को मिशन बताते हुए राज्यपाल ने सभी को पेड़ लगाने और दूसरों को भी पेड़ लगाने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। सभी सरकारी कार्यालयों में हरियाली बढ़ाने के लिए पौधरोपण के निर्देश दिए।
कुपोषित बच्चों की पहचान एवं सघन मॉनिटरिंग करें
स्वास्थ्य और पोषण को लेकर उन्होंने कुपोषित बच्चों की पहचान एवं सघन मॉनिटरिंग करने, न्यू बॉर्न केयर यूनिट में भर्ती और पोषण ट्रैकर से निगरानी करने के निर्देश दिए। मितानिन, महिला एवं बाल विकास और स्वास्थ्य विभाग के बीच समन्वय से डाटा संकलन करने कहा। वार्षिक प्रशिक्षण कैलेण्डर के अनुसार शिक्षकों का नियमित प्रशिक्षण, राज्य एवं जिला स्तर पर विषय-विशेष प्रशिक्षण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने सभी विभागों से आपसी समन्वय और सूचकांकों के सतत सुधार की रणनीति पर कार्य करने को निर्देशित किया। राज्यपाल ने अधिकारियों को योजनाओं की जमीनी स्तर पर जांच के लिए मैदानी भ्रमण करने और लाभार्थियों से फीडबैक लेने के भी निर्देश दिए।
बीसी सखी ने 2021 से अब तक किया 11 करोड़ का ट्रांजेक्शन
राज्यपाल ने विकासखण्ड लखनपुर अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों, ग्राम जुड़वानी नवापारा की मीरा प्रजापति एवं पहाड़ी कोरवा हितग्राही ग्राम लब्जी की नमिता को शॉल प्रदान कर सम्मानित किया और बधाई एवं शुभकामनाएं दीं गई। दो हितग्रहियों को आयुष्मान वय वंदना कार्ड, दो हितग्राहियों को प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान अंतर्गत अतिरिक्त पोषण आहार का वितरण किया गया। राज्यपाल स्व सहायता समूह की दीदियों से मिले। उन्होंने इनके द्वारा निर्मित सामग्रियों का अवलोकन किया। ग्राम पंचायत कुन्नी की गायत्री महिला समूह द्वारा बनाए गए खाद्य सामग्रियों का अवलोकन कर आय की जानकारी ली। इसी प्रकार उन्होंने इनके द्वारा बनाए गए सजावटी सामग्रियों, बेकरी उत्पादों, कोसा शॉल, बोरा आदि का अवलोकन कर लागत एवं आय की जानकारी ली और आवश्यकताओं के बारे में पूछा। इन्हें इसी प्रकार अन्य गतिविधियों का संचालन कर आगे बढ़ने प्रेरित किया। लोसंगी की बीसी सखी बालेश्वरी यादव ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2021 से अब तक 11 करोड़ रुपये का ट्रांजेक्शन किया है, राज्यपाल ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।
लक्ष्य प्राप्ति के लिए मन लगाकर पढ़ें, माता-पिता व गुरूजनों का करें सम्मान
राज्यपाल ने विकासखण्ड लखनपुर के रजपुरीकला स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय में बालिकाओं से मिलकर कहा कि कड़ी मेहनत से ही सफलता प्राप्त होती है। राज्यपाल ने बच्चों से पूछा कि भविष्य में क्या बनना चाहते हैं, तो बच्चों ने अपनी-अपनी इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि आप जो सपना देख रहें हैं, उसे साकार करने के लिए मेहनत करना होगा। अपना लक्ष्य निर्धारित कर ईमानदारी के साथ आगे बढ़ें, मन लगाकर पढ़ाई करें, सफलता जरूर मिलेगी। उन्होंने शिक्षकों को कहा कि शिक्षक बच्चों को राह दिखाते हैं, इसलिए शिक्षक अपनी जिम्मेदारी को समझें, बच्चों के प्रति अच्छा व्यवहार रखें। उन्होंने बच्चों को शिक्षक के साथ अच्छा व्यवहार करने, उनका आदर करने कहा। उन्होंने कहा कि हमें गिरने पर खड़ा होने की ताकत शिक्षक से ही मिलेगी। इसी प्रकार उन्होंने बच्चों से कहा कि अपने माता-पिता का सम्मान करने, आवश्यकतानुसार मोबाइल का उपयोग करने प्रेरित किया। राज्यपाल ने इस दौरान विद्यालय को 5 कम्प्यूटर सिस्टम प्रदान करने की घोषणा की।

Spread the love