अंबिकापुर। पत्नी और मां से विवाद कर रहा पुत्र, अपने पिता को गुस्से में देखकर छानी से छलांग लगाया और बेलचा से सिर में जानलेवा हमला कर दिया। इलाज के दौरान घायल पिता की मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने घटना की जानकारी प्रेमनगर थाना पुलिस को अग्रिम कार्रवाई के लिए दी है, और मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराया है।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिला के प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लक्ष्मीपुर निवासी उजियार पिता स्व. भुखल गोड़ 50 वर्ष, 4 अक्टूबर गांव में ही दशरथ के यहां करमा तिहार मनाने के लिए अपने दोनों पुत्र बैगाराम और सज्जन सिंह के साथ गया था। यहां रात में हड़िया पीने के बाद नाचने-गाने का दौर पूरी रात चला। इसके बाद उजियार सिंह वहीं रूका था, उसके दोनों बेटे वापस अपने घर आ गए थे। घर आने के बाद सज्जन अपनी पत्नी और मां के साथ विवाद करते हुए गालीगलौज कर रहा था, इस दौरान उसका छोटा भाई बैगाराम समझाने की कोशिश किया, लेकिन वह नहीं माना। भाई की हरकत को देखकर बैगाराम अपने पिता को बुलाने के लिए दशरथ के यहां जा रहा था, तो रास्ते में ही घर आ रहे पिता से उसकी मुलाकात हो गई। उसने अपने पिता को बड़े भाई के द्वारा भाभी और मां के साथ गालीगलौज करते हुए मारपीट के लिए उत्प्रेरित होने की जानकारी दी। छोटे पुत्र से इसकी जानकारी मिलने पर रास्ते से डंडा लेकर घर की ओर आ रहा था। पिता को गुस्से में डंडा लेकर आते देखकर सज्जन सिंह छानी में चढ़कर कूदने लगा। पिता ने उसे नीचे उतरने के लिए कहा तो वह आवेशित हो गया और कुछ देर बाद छानी से नीचे कूदकर सड़क के किनारे पड़े बेलचा को उठाकर अपने पिता के सिर में प्रहार करके भाग गया। उजियार को स्वजन आननफानन में प्रेमनगर स्वास्थ्य केन्द्र लेकर पहुंचे, यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रिफर करने पर मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराए थे, यहां इलाज के दौरान 6 अक्टूबर को सुबह 5.30 बजे उसकी मौत हो गई। स्थानीय पुलिस ने मृतक के स्वजन का बयान लेकर मामले में मर्ग कायम कर लिया है।

Spread the love