अंबिकापुर। बलरामपुर जिला के बसंतपुर थाना पुलिस ने आर.टी.ओ. बेरियर धनवार में घुसकर गालीगलौज, मारपीट करने और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने के मामले में अपचारी बालक सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों के तलाश में लगी है।
जानकारी के मुताबिक 4 अक्टूबर को आर.टी.ओ. बेरियर में परिवहन उपनिरीक्षक सिद्धार्थ पटेल विभाग के प्रधान आरक्षक कौशल साहु के साथ ड्यूटी में तैनात थे। इस दौरान रात करीब 10.10 बजे 7-8 लोग आर.टी.ओ. बेरियर के अंदर आकर पूर्व में हुई बातचीत को लेकर विवाद करते हुए गालीगलौज करने लगे। आरोपियों ने सिद्धार्थ पटेल और उनके वाहन चालक ओम प्रकाश राजवाड़े से मारपीट की। इसके बाद परिवहन निरीक्षक महेन्द्र सिंह कुलदीप के कक्ष में घुसकर शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए मारपीट की घटना को अंजाम दिया। मामले में पुलिस ने परिवहन विभाग के उपनिरीक्षक भूषण ध्रुव की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 121, 132, 191(2), 221, 294, 331(6) का मामला दर्ज किया था। जांच में पुलिस ने पाया कि बीते एक जनवरी को चंदन यादव तेज गति में वाहन चलाते हुए परिवहन चेक पोस्ट के बैरीकेड में गाड़ी चढ़ा दिया था, इस दौरान परिवहन अमले से कहासुनी की स्थिति बनी थी। पुलिस ने मामले में शामिल मुख्य आरोपितों में कैलाश यादव 42 वर्ष, रंजन रवि 32 वर्ष दोनों निवासी बसंतपुर, उपेन्द्र उर्फ गोलू यादव 25 वर्ष निवासी प्रेमनगर व एक अपचारी बालक को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई में निरीक्षक जितेन्द्र सोनी, उपनिरीक्षक रघुनाथ सिंह मराबी, सहायक उपनिरीक्षक धन सिंह सांडिल्य, प्रधान आरक्षक पंकज पोर्ते, आरक्षक विवेक कुमार, अनिल पंडयार शामिल रहे।

Spread the love