85 फिट के रावण और 60-60 फिट के मेघनाद और कुंभकरण का होगा दहन
अंबिकापुर। सरगुजा में भाईचारे की मिशाल दशहरा के मौके पर होने वाले रावण दहन के दौरान देखने को मिलती है। यहां मुस्लिम परिवार के द्वारा विशाल रावण, मेघनाद और कुम्भकर्ण का पुतला पिछले 16 वर्षों से बनाया जा रहा है। पीढ़ी दर पीढ़ी यह काम चलते आ रहा है, तीसरी पीढ़ी भी इस दिशा में अग्रसर है। यह परिवार ऐसा है, जो हिंदुओं के प्रमुख पर्व होली, दिवाली की खुशियां भी सभी के साथ मनाता है। इस बार भी बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक दशहरा पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इधर बारिश का खलल आयोजन को कितना प्रभावित करेगा, इसे लेकर कयास लग रहे हैं। रावण दहन से पहले भगवान श्री राम की भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।
दशहरा के मौके पर शासकीय पीजी कॉलेज मैदान में सरगुजा सेवा समिति, नागरिक सेवा समिति व जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वाधान में इस वर्ष अंबिकापुर में होने वाले मुख्य दशहरा समारोह में 85 फिट के रावण और 60-60 फिट के मेघनाद और कुम्भकर्ण का पुतला दहन होगा। आतिशबाजी का काम भिलाई स्थित आरजे फायर वर्क्स के आर. जगदीश्वर रेड्डी कर रहे हैं। इस बार सिर्फ रिमोट से संचालित, आकाशीय इलेक्ट्रॉनिक आतिशी नजारा लोगों को देखने को मिलेगा। सुरक्षा की दृष्टि से इस बार ग्राउंड आतिशी आयटम नहीं लगाए गए हैं। रावण, मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतले बनकर तैयार हंै। मैदान में आम व खास लोगों के लिए बैठक व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। अलग-अलग बैरीकेड लगाए गए हैं। इस वर्ष रावण की लंबाई को 10 फिट कम कर दिया गया है। मेघनाद व कुंभकर्ण के पुतले का निर्माण पिछले साल की अपेक्षा 10 फिट अधिक है। बता दें कि शहर के पीजी कॉलेज मैदान में रावण, मेघनाद और कुम्भकर्ण का निर्माण अंबिकापुर निवासी जावेद खान के द्वारा किया जा रहा है। जावेद खान के पिता ने ही रावण बनाने का काम शुरू किया था। इनके पुत्र शानू खान भी इस परंपरागत काम में पिछले कुछ वर्ष से हाथ बंटा रहे हैं। ऐसे में तीसरी पीढ़ी भी इस काम में तल्लीन है। हालांकि अभी भी इस काम में मुखिया की भूमिका जावेद की ही रहती है।
सरगुजा पुलिस ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा के दिशा-निर्देशन मे दशहरा पर्व के अवसर पर आमजनता को यातायात की सुगम व्यवस्था प्रदान करने के लिए ट्रैफिक एडवायजरी जारी की गई है। शहर में कुल 10 पार्किंग स्थल का निर्धारण कर यातायात जाम की समस्या को दूर करने यातायात पुलिस का अमला सड़कों पर मौजूद रहेगा। ट्रैफिक एडवायजरी 2 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे से लेकर रात्रि 11 बजे तक के लिए जारी की गई है। इसी क्रम में भारी वाहनों हेतु अंबिकापुर शहर में दोपहर 3 बजे से रात्रि 11 बजे तक नो एंट्री रहेगी। मनेन्द्रगढ़ रोड, बनारस रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन डायवर्ट मार्ग साईं मंदिर तिराहा, महापौर मार्ग, रावत रेजीडेंसी तिराहा, कन्या परिसर रोड होते हुए गंगापुर मोड़, मासूम अस्पताल के पास रिंग रोड, बस स्टैंड होते हुए गंतव्य की ओर जाएंंगे। गढ़वा रोड, प्रतापपुर रोड की ओर से आने वाली सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन डायवर्ट मार्ग रिंग रोड होते हुए प्रतापपुर चौक, लरंगसाय चौक, चांदनी चौक, सद्भावना चौक, भारतमाता चौक, बस स्टैंड की ओर से गंतव्य स्थान की ओर जाएंंगे। रायगढ़ रोड, बिलासपुर रोड़ की ओर से आने वाली सभी यात्री बसें एवं अन्य फोर व्हीलर वाहन डायवर्ट मार्ग रिंग रोड होते हुए भारत माता चौक, बिलासपुर चौक, नया बस स्टैंड, मासूम अस्पताल के पास गंगापुर मोड़, माखन विहार तिराहा एमजी रोड की ओर से गंतव्य की ओर जाएंंगे। आपातकालीन सेवा संबंधी वाहन को अंबिकापुर शहर आने एवं बाहर जाने की छूट रहेगी।
पार्किंग व्यवस्था का निर्धारण
दो अक्टूबर को पीजी कॉलेज मैदान में प्रवेश के लिए पी-1 गेट, औद्योगिक परिसर रोड से मंच में बैठने वाले सभी व्हीआईपी व्यक्तियों एवं पासधारी व्यक्तियों के वाहन की पार्किंग होगी। पी-02 कॉलेज गेट से ड्यूटी में कार्यरत सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के वाहन, पी-03 डाइट/पटवारी प्रशिक्षण मैदान मेें मीडिया संस्थान के सदस्यों एवं आकाशवाणी चौक से आने वाले आम जनता के वाहन हेतु, पी-04 बनारस रोड स्थित दुबे प्लाट में बनारस रोड की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों हेतु, पी-05 नवापारा चर्च के सामने आकाशवाणी चौक की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों हेतु, पी-06 सर्कस मैदान में अम्बेडकर चौक की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों हेतु, पी-07 पॉलिटेक्निक कॉलेज मैदान प्रवेश द्वार आईटीआई की ओर से गांधी चौक की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों हेतु, पी-08 राजमोहिनी देवी भवन में अम्बेडकर चौक व एमजी रोड की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों हेतु, पी-09 राजमोहिनी देवी भवन के पीछे के मैदान में अम्बेडकर चौक व एमजी रोड की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों हेतु, पी-10 किसान राइस मिल मैदान में एमजी रोड की ओर से आने वाले आम जनता के वाहनों हेतु पार्किंग स्थल नियत किया गया है।
नवरात्रि पर्व का हवन, पूजा, आरती, कन्याभोज के साथ समापन
शारदीय नवरात्र की नवमी के मौके पर जिले भर के मंदिरों में पूजा, आरती, हवन, कन्याभोज जैसे आयोजन किए गए, इसके साथ ही मां दुर्गा की आराधना के पर्व का समापन हुआ। माता के भक्तों ने जगह-जगह भंडारा प्रसाद ग्रहण किया, वहीं देर रात तक शहर में विभिन्न स्थलों पर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। बुधवार को सुबह से ही शहर के प्रसिद्ध मां महामाया मंदिर, मां दुर्गा मंदिर गांधी चौक, मां काली मंदिर, मां गायत्री मंदिर, दुर्गा/काली बाड़ी, संत हरकेवल मंदिर सहित अन्य मंदिरों व शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। यहां पूजन, हवन के बाद कन्याभोज कराया गया। शहर के विभिन्न स्थानों पर स्थापित मां दुर्गा की प्रतिमा के समक्ष आरती और हवन के लिए श्रद्धालु पहुंचे। पूरे दिन लोग भक्तिभाव में लीन रहे। घरों में भी परिवार के साथ पूजा-अर्चना, हवन भक्तों ने किया और कन्या भोज कराया। इसके साथ ही नौ दिनों तक मां दुर्गा की उपासना का विधि-विधान से समापन हुआ।

Spread the love