ठेका कंपनी के मैनेजर और पोकलेन चालक मारपीट में घायल, मामला थाने पहुंचा
लखनपुर। सरगुजा जिले लखनपुर थाना अंतर्गत अमेरा खदान विस्तार को लेकर बुधवार को परसोड़ी कला की सीमा पर उस समय विवाद और तनाव की स्थिति बन गई, जब शासकीय भूमि से मिट्टी खोदाई का कार्य शुरू कर दिया गया। अमेरा खदान विस्तार का आक्रोशित ग्रामीणों ने विरोध करते हुए खोदाई के काम में लगी गाड़ियों पर पत्थरबाजी शुरू कर दी गई। तोड़फोड़ के दौरान ग्रामीणों ने पोकलेन मशीन को घेर लिया और चालक मुनेंद्र पटेल से मारपीट की। बीच-बचाव करने ठेका कंपनी के मैनेजर राघवेंद्र पांडे पहुंचे तो उनके साथ भी ग्रामीणों ने मारपीट की। इस दौरान जमकर लाठी, पत्थर वार हुआ। दोनों घायलों को लखनपुर स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, यहां से उपचार कराने के बाद लखनपुर थाने में घटना की लिखित शिकायत की गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक एसईसीएल अमेरा के द्वारा खदान विस्तार को लेकर मिट्टी खोदाई का काम करने के लिए गुजरात के एलसीसी कंपनी को ठेका दिया गया है। ठेका कंपनी के द्वारा ग्राम परसोढ़ी कला के सीमा पर शासकीय भूमि में पोकलेन मशीन से मिट्टी खोदाई का कार्य एक अक्टूबर, बुधवार को शुरू किया गया था। अपरान्ह करीब 3 बजे सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित महिला-पुरुष एकत्र होकर इसका विरोध करने लगे। ग्रामीणों ने मिट्टी खोदाई का कार्य कर रहे पोकलेन मशीन को चारों तरफ से घेर लिया और चालक, मैनेजर के साथ मारपीट की, वहीं तीन वाहनों में तोड़फोड़ कर दिया।
खदान विस्तार का लंबे समय से कर रहे विरोध
अमेरा खदान विस्तार को लेकर लंबे समय से ग्रामीण विरोध कर रहे हैं और अपनी जमीन बचाने एक माह से अधिक हो गया, धरने पर बैठे हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम सभा के बिना अनुमति एसईसीएल अमेरा द्वारा गलत तरीके से खदान का विस्तार किया जा रहा है। उनके द्वारा इस पर आपत्ति दर्ज कराई गई है। इससे पूर्व भी ग्रामीणों की सहमति लिए बिना भूमि अधिग्रहण कर मिट्टी खोदाई का कार्य शुरू किया गया था। विरोध के बाद काम बंद किया गया। ग्रामीणों का कहना है कि जान दे देंगे, लेकिन वे जमीन नहीं देंगे।
बयान
शासकीय भूमि पर मिट्टी खोदाई और सड़क बनाने का कार्य शुरू किया गया था। भाड़े के आदमी खदान परिसर में घुसकर लाठी डंडे से कर्मचारियों के साथ मारपीट किए हैं, जिनकी जमीन गांव में नहीं है। घटना में दो लोग घायल हो गए हैं। इसकी रिपोर्ट लखनपुर थाने में दर्ज कराई जा रही है।
डॉ. संजय सिंह, एरिया जनरल मैनेजर

Spread the love