अंबिकापुर। जिला स्तरीय समिति के द्वारा सरगुजा जिले के कुल 73 प्रकरणों में जप्त मादक पदार्थों का नियमानुसार नष्टीकरण इंद्रा पावर जैन प्राइवेट लिमिटेड नयनपुर गिरवरगंज, सूरजपुर में कराया। नष्टीकरण की कार्रवाई के दौरान ड्रग डिस्पोजल कमेटी के अध्यक्ष एवं सदस्य रहे मौके पर उपस्थित रहे। एनडीपीएस अधिनियम के अंतर्गत जप्त मादक पदार्थों के निपटान की कार्रवाई जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति के मार्गदर्शन में की गई।
जानकारी के मुताबिक सरगुजा जिले कुल 73 प्रकरणों में जप्त मादक पदार्थ गांजा 439.544 किलोग्राम, इंजेक्शन 7435 नग, टेबलेट 2414 नग, कैप्सूल 11070, कफ सिरफ 898 नग को विधिवत नष्ट किया गया। नष्टीकरण कार्रवाई समिति के अध्यक्ष वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल अन्य सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो एवं जिला आबकारी अधिकारी लक्ष्मीकान्त गायकवाड़ एवं पर्यावरण विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में नष्टीकरण कार्रवाई फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी के साथ की गई। नष्टीकरण की कार्रवाई से पूर्व समस्त प्रकरणों की विस्तृत सूची एवं आवश्यक दस्तावेजों को समिति के समक्ष प्रस्तुत किया गया और इसकी सूचना संबंधित विभागों एवं न्यायालय को अग्रिम दी गई। नष्टीकरण कार्रवाई के दौरान थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, सहायक उप निरीक्षक गंभीर साय, प्रधान आरक्षक अनिल तिर्की, आरक्षक अजय यादव उपस्थित रहे।

Spread the love