पहले रुपये वापस करने कहा, बाद में गालीगलौज करते हुए की मारपीट, केस दर्ज

अंबिकापुर। लखनपुर थाना क्षेत्र की एक विधवा महिला के खाते से फोन पे के माध्यम से भाई और उसकी पत्नी के द्वारा 12 लाख 10 हजार रुपये अपने खाते में स्थानांतरित करने का मामला प्रकाश में आया है। रिपोर्ट पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक ग्राम ईरगवां निवासी सुखमनिया पिता सुकुलसाय 35 वर्ष का भारतीय स्टेट बैंक शाखा लखनपुर में खाता है, जिसमें वह 12 लाख रुपये से अधिक रकम जमा करके रखी थी। आरोप है कि उक्त रकम को भाई लालसाय पिता सुकुल साय, 32 वर्ष व उसकी पत्नी कुन्ती देवी 30 वर्ष, दोनों निवासी ग्राम सपकरा, थाना सूरजपुर ने उसके मोबाइल से फोन पे के माध्यम से चुपचाप अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया, जिससे वह अनजान थी। इसकी जानकारी महिला को उस समय मिली, जब वह भारतीय स्टेट बैंक शाखा लखनपुर में पैसा निकालने के लिए गई। यहां बैंक के कर्मचारी ने बताया कि उसके खाते में एक भी राशि नहीं है। सुखमनिया ने बैंक के कर्मचारी से कहा कि उसके द्वारा एक रुपये बैंक खाते से नहीं निकाला गया है, तो जमा राशि कैसे शून्य हो गया। इसके बाद बैंक के कर्मचारी ने उसके खाते का स्टेटमेंट चेक किया तो पता चला कि फोन पे के माध्यम से उसके खाते से समस्त राशि को लालसाय और उसकी पत्नी कुन्ती के द्वारा 29 अगस्त 2024 से 15 जून 2025 के बीच अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया गया है। जब वह भाई लालसाय से फोन पे के माध्यम से ट्रांसफर की गई राशि की मांग की तो इनके द्वारा कुछ समय बाद रकम को वापस कर देने के लिए आश्वस्त किया गया। इसके बाद वह रकम वापसी का इंतजार कर रही थी। चार माह बीतने के बाद दोबारा रुपये की मांग करने पर वे लड़ाई-झगड़ा और मारपीट करते हुए पैसा वापस करने से इन्कार करने लगे। मामले में आरोपियों के विरूद्ध केस दर्ज करके पुलिस अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

Spread the love