चिकित्सक को पसंद की कार दिलाने के नाम पर बनाया धोखाधड़ी का शिकार
अंबिकापुर। कार दिलाने के नाम पर 48 लाख रुपये की ठगी करने के मामले में कोतवाली थाना पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। मामले में अन्य आरोपी फरार हंै, जिनके तलाश में पुलिस लगी है।
जानकारी के मुताबिक शहर के चोपड़ापारा निवासी डॉ. अभिजीत जैन के परिचित डॉक्टर ने कांदिवली ईस्ट मुम्बई में पुरानी गाड़ियों की खरीद-बिक्री का काम करने वाले जैद जाफर खान से एक मर्सिडीज कार लिया था, जिसे देखकर उन्होंने भी मर्सिडीज कार खरीदने का मन बनाया और साथी डॉक्टर के माध्यम से जैद जाफर खान का मोबाइल नम्बर लेकर एक मर्सिडीज कार का सौदा 48 लाख रुपये में किया। आरोपी ने डॉ. अभिजीत जैन से पहला किस्त 14 लाख 50 हजार रुपये लेकर अगस्त 2020 में पसंद किए गए कार में कुछ दस्तावेजी काम शेष होने की बात कहकर दूसरी कार को ड्राइवर के माध्यम से भेज दिया। विक्रेता के द्वारा शेष रकम 33 लाख 50 हजार रुपये नगद देने के लिए और भेजे हुए कार को तब तक चलाते रहने के लिए कहा। इसके बाद 17 लाख 50 हजार रुपये ड्राइवर को देकर उन्होंने कार को अपने पास रख लिया था। इसके पश्चात उन्होंने जैद जाफर से अपने पसंद की कार को भेजने के लिए कहा तो वह बचे पेमेंट को खाता में डालने के लिए कहा। उन्होंने विश्वास में आकर 11 लाख रुपये खाते में डाल दिया। इसके बाद जैद जाफर खान स्वयं 7 फरवरी 2021 को अंबिकापुर आकर चलाने के लिए दिए गए कार व नकद रकम 5 लाख रुपये लेकर चिकित्सक को उनके पसंद की कार वापस ड्राइवर से भेजने की बात कहा और चले गया, इसके बाद आज दिनांक तक पुरानी गाड़ियों के खरीद-विक्रेता ने चिकित्सक को कार नहीं भेजा, और बात करने पर हमेशा टाल-मटोल करते रहा, बाद में वह चिकित्सक का फोन भी उठाना बंद कर दिया। धोखाधड़ी का एहसास होने पर डॉ. अभिजीत जैन ने इसकी रिपोर्ट थाना कोतवाली में 29 जुलाई 2024 को दर्ज कराई थी, जिस पर धारा 420, 34 भा.द.वि. का अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। विवेचना में लगी पुलिस टीम आरोपियों के तलाश में जुटी और जैद जाफर खान पिता जफर खान 28 वर्ष, निवासी हिल पार्क जागेश्वरी वेस्ट मुंबई महाराष्ट्र को गिरफ्तार करके न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले में अन्य आरोपी फरार हंै, जिनके तलाश में पुलिस टीम लगी है। कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक मनीष सिंह परिहार, सहायक उप निरीक्षक अभिषेक दुबे, प्रधान आरक्षक सुधीर सिंह, आरक्षक अतुल शर्मा सक्रिय रहे।

Spread the love