कांग्रेस ने भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेवन के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करने सौंपा आवेदन
अंबिकापुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रवक्ता पिंटू महादेवन के द्वारा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी पर 29 सितंबर को जिला कांग्रेस कमेटी के द्वारा पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में कोतवाली थाना अंबिकापुर में एफआईआर दर्ज करने को लेकर आवेदन दिया है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टी एस सिंहदेव के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा आवेदन देने के उपरांत मंगलवार को सरगुजा जिले की सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने भी इस मामले में अपने क्षेत्र से संबंधित थानों में एफआईआर के लिए आवेदन दिया।
पिंटू महादेवन केरल राज्य में भाजपा के प्रवक्ता की हैसियत से टीवी डिबेट में हिस्सा लेते हंै। वे पूर्व में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के केरल राज्य अध्यक्ष रहे हंै। नेपाल में हुए प्रदर्शन पर एक मलयाली चैनल के डिबेट में उन्होंने विवादास्पद टिप्पणी करते हुए राहुल गांधी के सीने को गोलियों से चीरने की बात कही थी। उन्होंने कहा था कि नेपाल जैसा प्रदर्शन भारत में संभव नहीं है, क्योंकि देश मोदी के साथ खड़ा है, अगर राहुल गांधी ने सपने में भी ऐसा सोचा तो उसका सीना गोलियां से चीर दिया जाएगा। टीवी डिबेट में खुलेआम दी गई इस धमकी से कांग्रेस में व्यापक आक्रोश व राहुल गांधी की सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता व्याप्त है। पूर्व में भी राहुल गांधी की दादी पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी और उनके पिता पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की आतंकवादी हमलों में हत्या हो चुकी है। अब भाजपा प्रवक्ता की यह धमकी खुलेआम उकसाने वाली है। भाजपा के द्वारा अभी तक अपने इस प्रवक्ता के विरुद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गई है। इस दौरान पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की ने कहा कि भाजपा प्रवक्ता का बयान यह प्रदर्शित करता है कि वे लोकतांत्रिक प्रतिरोध को बर्दाश्त नहीं कर सकते, और साम-दाम-दंड-भेद से लोकतांत्रिक प्रतिरोध के दमन का प्रयास करते हैं। इस दौरान इंद्रजीत धंजल, अनूप मेहता, जमील खान, वेद प्रकाश शर्मा, निकी खान, मो. इमरान, दिनेश शर्मा, आशीष शील, जमशेर खान सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
भाजपा आपराधिक और आतंकी मानसिकता को शरण दे रही-सिंहदेव
मामले में पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि भाजपा प्रवक्ता ने लाइव टीवी पर विपक्ष के नेता राहुल गांधी को हत्या की धमकी दी, यह अक्षम्य और कानूनन अपराध है। यह सिर्फ किसी नेता के खिला$फ नहीं, बल्कि किसी भी नागरिक के खिलाफ हो, तो भी ऐसा कहना अपराध ही है। लोकतंत्र में राजनीतिक असहमतियों पर बातचीत संविधान और शांति के दायरे में होनी चाहिए। हिंसा और हिंसक भाषा की कोई जगह नहीं। ऐसे बयान दिखाते हैं कि राहुल गांधी की निर्भीक लड़ाई से भाजपा-आरएसएस बुरी तरह घबरा गए हैं और उनका असली चेहरा सामने आ रहा है। उन्होंने इस घटना की कड़ी निंदा की है और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मांग की है कि दोषी पर तुरंत और सख्त कार्रवाई करें। अगर ऐसा नहीं होता है तो साफ है कि भाजपा अपराधियों और आतंकी मानसिकता को शरण दे रही है।

Spread the love