अंबिकापुर। गांधीनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत चठिरमा बेरियर के पास मजदूर और उसके साथी से 33 हजार रुपये नकद और मोबाइल लूटने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की रिपोर्ट गांधीनगर थाने में की गई है, जिस पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिला के जयनगर थाना अंतर्गत ग्राम सिलफिली का राकेश मिस्त्री पिता स्व. नारायण मिस्त्री 33 वर्ष टेंट हाउस में मजदूरी करता है। 22 सितम्बर को रात्रि 10 बजे के लगभग वह चठिरमा बेरियर के पास से काम करके घर वापस जा रहा था। गाड़ी का पेट्रोल खत्म होने पर अपने दोस्त कृष्णा सिंह के साथ बाइक को टोचन करके घर जाने निकला था, इसी दौरान पीछे से तीन व्यक्ति स्कूटी से आए और कहां जा रहे हो, कहते हुए पूछताछ करने लगा। राकेश जब बताया कि वह घर जा रहा है, तो स्कूटी सवार एक व्यक्ति इनसे गाली-गलौज करते हुए आगे बढ़ा। चठिरमा बेरियर के पास स्कूटी सवार पुन: मिले, इसमें से एक व्यक्ति हाथ में पहने कड़ा से राकेश के सिर में हमला कर दिया, और साथी कृष्णा सिंह के साथ लात-घंूसा से मारपीट करने लगे। आरोपी ने राकेश के पैंट के जेब से 18 हजार रुपये और उसके साथी कृष्णा सिंह के जेब से 15 हजार रुपये नकद जबरन निकाल लिया। आरोपी राकेश का मोबाइल फोन भी लूट लिए, और गाड़ी को पत्थर से तोड़फोड़ करके भाग गए। घटना के बाद जब मजदूर युवक ने आरोपियों के बारे में पूछताछ किया तो पता चला कि इनका नाम आयुश सेन, प्रेम दास और प्रिंस है। पीड़ित मजदूर मारपीट में आई चोट का इलाज कराने और स्वस्थ्य होने के बाद थाने पहुंचकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराया है, जिस पर पुलिस ने आरोपियों के विरूद्ध नामजद केस दर्ज कर लिया है, और अग्रिम जांच, कार्रवाई कर रही है।

Spread the love