अंबिकापुर। सर्पदंश व कीटनाशक का सेवन करने की 4 घटनाओं में एक बालक सहित 4 लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।
जानकारी के मुताबिक सूरजपुर जिला के जयनगर थाना अंतर्गत, कल्याणपुर का सत्यम राजवाड़े पिता जीतन प्रसाद राजवाड़े 6 वर्ष, 23 सितम्बर को नए घर में टांगी खोजने के लिए गया था। इस दौरान दिन में करीब 11 बजे उसके हाथ में सांप काट दिया था। इसकी जानकारी वह अपने पिता को दिया। पिता सहित परिवार के अन्य सदस्य मौके पर पहुंचे तो सांप गायब हो गया था, लेकिन बच्चे के दाहिने हाथ के अंगूठा में सर्पदंश का निशान था। स्वजन आननफानन में उसे कल्याणपुर अस्पताल ले गए, गंभीर स्थिति देखकर यहां से रेफर करने पर निजी वाहन से मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां 23 सितम्बर को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना से स्वजन सदमे में हैं। एक अन्य मामले में मड़वा चांदो निवासी संतोष कुमार पिता रिझु नाग 24 वर्ष, 22 सितम्बर को धान के खेत में कीटनाशक का छिड़काव कर रहा था, इसी दौरान जाड़ा सांप डस लिया। क्षेत्रीय अस्पताल से प्राथमिक उपचार कराने के बाद स्वजन उसे होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, यहां इलाज के दौरान बुधवार को सुबह 6 बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने दोनों मामले में मर्ग कायम कर लिया है।
कीटनाशक का सेवन किए दो की मौत
मणिपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मेंड्राकला का अनीत कुमार केरकेट्टा पिता धुनेश्वर केरकेट्टा 31 वर्ष की इलाज के दौरान मौत हो गई। स्वजन ने मुंह से झाग निकलने के कारण कीटनाशक सेवन करने का संदेह व्यक्त किया है। पुलिस आरक्षक के पद पर पदस्थ अमित केरकेट्टा ने पुलिस को दिए बयान में बताया है कि विवाह के बाद उसके छोटे भाई की पत्नी छोड़ दी थी। 22 सितम्बर को वह शराब पीकर घर आया और सो गया। देर रात 3 बजे वह शौच के लिए निकला था, इसके बाद घर में आकर सो गया। मुंह से झाग निकलते देखकर वे उसे मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए, यहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एक अन्य मामले में सूरजपुर जिला के ओड़गी थाना अंतर्गत ग्राम बमना निवासी आदर साय राजवाड़े पिता स्व. इंदर साय राजवाड़े 49 वर्ष, 22 सितम्बर को शराब पीकर घर आया और पत्नी से किसी बात को लेकर विवाद करने के बाद कीटनाशक का सेवन कर लिया। स्वजन उसे भैयाथान स्वास्थ्य केन्द्र ले गए, यहां से प्राथमिक चिकित्सा के बाद रेफर करने पर होलीक्रॉस अस्पताल अंबिकापुर में भर्ती कराए थे, यहां इलाज के दौरान 23 सितम्बर की रात को उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया है।

Spread the love