अंबिकापुर। विकासखंड के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ादमाली में पदस्थ प्राचार्य पर गंभीर आरोप लगे हैं। इनके कक्ष में धर्म विशेष के प्रचार-प्रसार हेतु स्लोगन, प्रार्थना में सामूहिक रूप से देश के प्रधानमंत्री एवं क्षेत्रीय विधायक के खिलाफ टिप्पणी करने एवं सामूहिक कार्यक्रम में क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों का निरादर करने की शिकायत सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो ने सरगुजा कलेक्टर से करते हुए त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
शिकायत में विधायक रामकुमार टोप्पो ने कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र सीतापुर अंतर्गत जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों से शिकायत मिली है कि शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बड़ादमाली, में पदस्थ प्राचार्य मंजू कुजूर के द्वारा विद्यालय में अनुचित गतिविधियां की जा रही हैं। प्राचार्य अधिकतर विद्यालय देर से आती हैं, जिस कारण अन्य कर्मचारी भी देर से आते हैं। विद्यालय कभी भी समय पर संचालित नहीं होने की शिकायत आए दिन सामने आ रही है। शनिवार के दिन प्राय: इनकी अनुपस्थिति रहती है और ऑन ड्यूटी रजिस्टर में दिखाया जाता है। शासन द्वारा जारी निर्देशानुसार संस्था प्रमुख को भी नियमित कालखण्ड कक्षाओं में लेना होता है परन्तु प्राचार्य द्वारा कभी भी कोई क्लास नहीं लिया जाता है। स्कूल में छात्र-छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट, विद्याथिर्यों के साथ गाली-गलौज, टीसी काटने की धमकी देने की शिकायत है। शासन द्वारा प्राप्त प्रतिवर्ष शाला अनुदान राशि व अन्य मदों से प्राप्त राशि में अनियमितता की शिकायत है। विद्यार्थियों में जातिगत भेदभाव एवं टिप्पणी करने की भी शिकायत है। मामले को संज्ञान में लेकर त्वरित जांच, कार्रवाई करने के लिए सीतापुर विधायक ने सरगुजा कलेक्टर को निर्देशित किया है।

Spread the love