कंपनी के डायरेक्टर सहित 5 को पूर्व में पुलिस कर चुकी है गिरफ्तार
अंबिकापुर। निवेशकों को रकम दोगुना करने का झांसा देकर धोखाधड़ी करने के मामले में शामिल एक आरोपी को गांधीनगर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों के द्वारा शुभ साईं डीकोन इंडिया लिमिटेड कम्पनी का कार्यालय का संचालन करके करोड़ों रुपये की ठगी निवेशकों से की गई थी। पुलिस टीम पूर्व में कम्पनी के डायरेक्टर समेत 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।
जानकारी के मुताबिक कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम मानिकप्रकाशपुर निवासी सियाराम एक्का ने 15 अक्टूबर 2019 को थाना गांधीनगर में रिपोर्ट दर्ज कराया था कि वर्ष 2014 में उसे शुभ साईं डीकोन इंडिया लिमिटेड में पैसा जमा करने पर जल्द रकम दोगुना होने की जानकारी मिली, इसके पश्चात वह पीजी कॉलेज के सामने मनेन्द्रगढ़ रोड में स्थित चिटफंड कंपनी के कार्यालय में गया, जो किराए के मकान में संचालित हो रहा था। यहां उसे संचालक जमुना चौहान, ओमप्रकाश धीवर एवं प्रकाश मणी मिले जो कंपनी के बारे में जानकारी देकर बताए कि पैसा 6 साल में दोगुना हो जाएगा। इसके बाद वह एक हजार रुपये मासिक किस्त की दर से 13 किश्त कुल 13 हजार रुपये कंपनी में जमा किया और कपंनी का एजेंट भी बन गया था। इसके बाद वह अपने जान-पहचान वाले व्यक्तियों का पैसा भी यहां निवेश करवा दिया। जून 2015 में पैसा जमा करने कंपनी के कार्यालय गया, तो बंद मिला। जमुना चौहान, ओमप्रकाश धाीवर एवं प्रकाश मणी से संपर्क करना चाहा तो सभी का मोबाइल बंद बता रहा था। कार्यालय खाली था, यहां कोई भी नहीं मिला। रिपोर्ट पर थाना गांधीनगर में धारा 420, 34 भा.द.वि. व ईनामी चिटफंड एवं परिचालन स्कीम (पाबन्दी) अधिनियम 1975 की धारा 3, 4 एवं छत्तीसगढ़ के निक्षेेपकों का हित संरक्षण अधिनियम की धारा 10 के तहत अपराध पंजीबद्ध करके पुलिस ने विवेचना में लिया था। दौरान विवेचना पुलिस टीम नेे पूर्व में कार्रवाई करते हुए आरोपी ओमप्रकाश धीवर, धीरेन्द्र देवांगन, पूर्णेन्द देवांगन, सीमा देवांगन एवं जमुना चौहान को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया था, मामले में शामिल अन्य आरोपी के तलाश में पुलिस लगी थी। इसी क्रम में पुलिस टीम ने आरोपी प्रकाश मणी साहू पिता परदेशी राम साहू 42 वर्ष, निवासी पहंदा थाना रानीतराई जिला दुर्ग को प्रकरण में गिरफ्तार करके न्यायिक अभिरक्षा में भेजा है। कार्रवाई में थाना प्रभारी गांधीनगर निरीक्षक प्रदीप जायसवाल, उप निरीक्षक रश्मि सिंह व अखिलेश सिंह, प्रधान आरक्षक सतीश सिंह, आरक्षक घनश्याम देवांगन, धीरज सिंह, जयनाथ राम सक्रिय रहे।

Spread the love